दौरे का नाटक कर खोला जेल का दरवाजा, फिर पुलिस पर हमला… तमिलनाडु में 17 कैदी फरार

2

तमिलनाडु की जेल से 17 कैदी फरार, बीमारी का नाटक कर सुरक्षाकर्मियों पर किया हमला

तमिलनाडु के थेनी जिले में स्थित थेक्कम्पट्टी जेल से सोमवार देर रात 17 कैदी सुरक्षाकर्मियों पर हमला कर फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक, कैदियों ने भागने की साजिश के तहत एक कैदी को मिर्गी का दौरा पड़ने का नाटक किया था। इस घटना के बाद पुलिस ने बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया, जिसके दौरान चार फरार कैदियों को दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया।

दक्षिण क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) विजयेंद्र बिदारी ने बताया कि चार कैदियों को पकड़ लिया गया है, जबकि बाकी कैदियों की तलाश जारी है। फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए 17 विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है। टीमें विभिन्न इलाकों में तलाशी अभियान चला रही हैं।

मिर्गी के दौरे का बहाना बनाकर बनाई भागने की योजना
पुलिस के अनुसार, सभी 17 कैदी जेल की एक ही बैरक में बंद थे। कथित तौर पर उन्होंने पहले से भागने की योजना बनाई थी। इसके तहत जेलकर्मियों को बताया गया कि एक कैदी की तबीयत अचानक बिगड़ गई है और उसे मिर्गी का दौरा पड़ा है।

सूचना मिलने पर जैसे ही जेलकर्मी मदद के लिए बैरक में पहुंचे, कैदियों ने अचानक उन पर हमला कर दिया और वहां से फरार हो गए। इस घटना ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

हमले में थेनी जिला जेल में तैनात ग्रेड-II पुलिसकर्मी थंगापांडी के सिर में गंभीर चोट आई। उन्हें तत्काल जी. विलाक्कु सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। ड्यूटी पर तैनात दो अन्य जेलकर्मियों को भी मामूली चोटें आईं।

तीन जिलों में अलर्ट, 16 स्थानों पर चेकपोस्ट
कैदियों के फरार होने के बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी है। मदुरै और डिंडीगुल जिलों के साथ पड़ोसी राज्य केरल के इडुक्की जिले की पुलिस को भी अलर्ट किया गया है।

डिंडीगुल के पुलिस अधीक्षक (एसपी) एस. जयकुमार ने बताया कि जिले में निगरानी बढ़ाने के लिए 16 स्थानों पर चेकपोस्ट बनाए गए हैं। डिंडीगुल-थेनी राजमार्ग पर आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही है।

पुलिस ने फरार कैदियों की तस्वीरें आसपास के पुलिस थानों को भेज दी हैं, ताकि उनकी पहचान कर जल्द से जल्द उन्हें गिरफ्तार किया जा सके। मामले में केस दर्ज कर जांच की जा रही है।

डीएमके सांसद ने कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
जेल से एक साथ 17 कैदियों के फरार होने की घटना पर राजनीतिक प्रतिक्रिया भी सामने आई है। डीएमके के राज्यसभा सांसद पी. विल्सन ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर इस घटना को बेहद शर्मनाक बताया और राज्य की कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाए।

विल्सन ने राज्य में कानून-व्यवस्था बिगड़ने का आरोप लगाते हुए नैतिक जिम्मेदारी के आधार पर इस्तीफे की मांग की। वहीं, पुलिस फरार कैदियों की तलाश और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।

Comments are closed.