अरब सागर में भारतीय नौसेना का बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन, समुद्री लुटेरों के कब्जे से 20 क्रू मेंबर्स को छुड़ाया
भारतीय नौसेना ने अरब सागर में समुद्री लुटेरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मछली पकड़ने वाले जहाज ‘अजिनी’ और उस पर सवार सभी 20 क्रू मेंबर्स को सुरक्षित मुक्त करा लिया है। करीब 48 घंटे तक चले इस अभियान को सोमवार को सफलतापूर्वक पूरा किया गया। यह ऑपरेशन मुंबई से 3,000 किलोमीटर से अधिक दूर समुद्र में चलाया गया।
इस अभियान में भारतीय नौसेना के साथ भारतीय वायु सेना ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ऑपरेशन की सफलता पर नौसेना के जवानों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।
48 घंटे तक चला समुद्री बचाव अभियान
जानकारी के मुताबिक, समुद्री लुटेरों ने मछली पकड़ने वाले जहाज ‘अजिनी’ पर कब्जा कर लिया था। जहाज पर मौजूद सभी 20 चालक दल के सदस्य उनकी गिरफ्त में थे। इसके बाद भारतीय नौसेना ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बचाव अभियान शुरू किया।
ऑपरेशन के दौरान भारतीय वायु सेना की मदद से जहाज की सटीक लोकेशन का पता लगाया गया। इसके बाद भारी हथियारों से लैस समुद्री लुटेरों के कब्जे से जहाज और सभी क्रू मेंबर्स को सुरक्षित निकाल लिया गया।
राजनाथ सिंह ने नौसेना की बहादुरी को सराहा
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अभियान की सफलता की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि भारतीय वायु सेना की समय पर मिली सहायता से जहाज की सटीक स्थिति का पता लगाना संभव हुआ। इसके बाद नौसेना ने तेजी से कार्रवाई कर चालक दल और जहाज को समुद्री लुटेरों के कब्जे से मुक्त कराया।
राजनाथ सिंह के मुताबिक, यह अभियान भारतीय नौसेना की उच्च परिचालन तत्परता और समुद्री खतरों से प्रभावी ढंग से निपटने की क्षमता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जवानों ने एक बार फिर साबित किया है कि देश के पास लोगों की जान बचाने, समुद्री सुरक्षा सुनिश्चित करने और पूरे हिंद महासागर क्षेत्र में स्थिरता बनाए रखने की क्षमता और दृढ़ संकल्प है।
रक्षा मंत्री ने दोहराया कि भारत सुरक्षित समुद्र और स्वतंत्र, खुले एवं सुरक्षित हिंद महासागर क्षेत्र को सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
Comments are closed.