मणिपुर में हिंसा के खिलाफ सड़कों पर उतरे हजारों लोग, महारैली निकालकर उठाई शांति की मांग; कहा- गोली नहीं, अमन चाहिए

2

मणिपुर में जारी हिंसा और राजनीतिक अस्थिरता के विरोध में गुरुवार को उखरुल जिले में सैकड़ों लोगों ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया।

तांगखुल नगा समुदाय के लोगों ने जन रैली निकालकर राज्य में हिंसा पर रोक लगाने, कुकी-जोमी उग्रवादी संगठनों के साथ हुए सस्पेंशन ऑफ ऑपरेशंस (SoO) समझौते को रद्द करने और उपमुख्यमंत्री नेमचा किपगेन को पद से हटाने की मांग उठाई।

उखरुल जिला मुख्यालय में आयोजित इस रैली में महिलाओं सहित बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारियों ने राज्य में लंबे समय से जारी राजनीतिक संकट का समाधान निकालने और नगा बहुल इलाकों से असम राइफल्स की तैनाती हटाने की मांग भी की। इसके अलावा राज्य में कथित छद्म युद्ध की स्थिति समाप्त करने की अपील की गई।

रैली के दौरान कुकी उग्रवादी संगठनों के खिलाफ नारेबाजी हुई। प्रदर्शनकारियों ने राज्य में शांति और सामान्य स्थिति बहाल करने पर जोर दिया। इस प्रदर्शन का आयोजन तांगखुल नगा लोंग (TNL) ने अन्य तांगखुल संगठनों के सहयोग से किया था।

गौरतलब है कि SoO समझौता केंद्र सरकार, मणिपुर सरकार और कुकी-जोमी समुदाय के कई उग्रवादी संगठनों के बीच हुआ त्रिपक्षीय समझौता है। प्रदर्शनकारी इस समझौते को रद्द करने की मांग कर रहे हैं। इसी तरह की एक रैली पड़ोसी कामजोंग जिले में भी आयोजित की गई।

Comments are closed.