मुंबई में दाऊद इब्राहिम के करीबियों पर ED का शिकंजा, 4 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क; मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कार्रवाई

1

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मुंबई में जबरन वसूली और आपराधिक साजिश से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बड़ी कार्रवाई की है।

जांच एजेंसी ने अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम और उसके सहयोगी सलीम इकबाल कुरैशी उर्फ सलीम फ्रूट से जुड़े मामले में करीब चार करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्तियां अस्थायी रूप से जब्त की हैं।

ED की जांच में सामने आया कि आरोपितों ने दाऊद इब्राहिम और सलीम फ्रूट के नाम का इस्तेमाल कर लोगों पर दबाव बनाया और उनकी संपत्तियों पर कब्जा करने की साजिश रची। इसी मामले में एजेंसी ने मुंबई के डोंगरी इलाके में स्थित ‘लम्बाट बिल्डिंग’ को अस्थायी रूप से कुर्क किया है। यह इमारत फिलहाल सलीम फ्रूट की पत्नी शाजिया सलीम इकबाल कुरैशी के नाम पर दर्ज है।

कार्रवाई के दौरान ED ने असलम अब्दुल रहमान पटनी समेत अन्य आरोपितों के बैंक खातों में जमा रकम भी जब्त की है। जांच एजेंसी के मुताबिक, कुर्क की गई सभी संपत्तियों का कुल मूल्य लगभग चार करोड़ रुपये है।

ED के मुंबई जोनल कार्यालय ने यह कार्रवाई प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA), 2002 के तहत की है। एजेंसी ने संबंधित चल और अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क करते हुए मामले में वित्तीय लेनदेन और कथित अपराध से जुड़े पहलुओं की जांच आगे बढ़ाई है।

Comments are closed.