मिस्र में भीषण रेल हादसा: चलती ट्रेन ने खड़ी ट्रेन को पीछे से मारी टक्कर, 7 की मौत और 125 घायल

1

मिस्र में दो यात्री ट्रेनों की टक्कर में 7 की मौत, 125 घायल; स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा

मिस्र में रविवार को एक बड़ा रेल हादसा हुआ, जिसमें दो यात्री ट्रेनों के आपस में टकराने से कम से कम सात लोगों की जान चली गई, जबकि 125 अन्य घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

ट्रेन कंडक्टर सहित सात लोगों की मौत

यह हादसा राजधानी काहिरा के दक्षिण में स्थित गीजा प्रांत के अल-अय्यात जिले में हुआ। दुर्घटनास्थल काहिरा से करीब 52 किलोमीटर दूर है। अधिकारियों के मुताबिक, मृतकों में एक ट्रेन कंडक्टर भी शामिल है।

मिस्र के स्वास्थ्य मंत्रालय ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। इनमें से 70 से अधिक लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।

कैसे हुई दो ट्रेनों की टक्कर?

मिस्र के परिवहन मंत्रालय के अनुसार, फयूम की ओर जा रही एक यात्री ट्रेन असवान जाने वाली दूसरी ट्रेन के पिछले हिस्से से टकरा गई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि गीजा-फयूम ट्रेन ने काहिरा-असवान ट्रेन के आखिरी डिब्बे को पीछे से टक्कर मारी।

बताया गया है कि काहिरा-असवान ट्रेन उसी ट्रैक पर खड़ी थी और उसी दिशा में जा रही थी। हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक दुर्घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं की है। मुख्य अभियोजक कार्यालय के मुताबिक, जांच दल देर रात घटनास्थल पर पहुंचा और हादसे की जांच शुरू की।

टक्कर के बाद मची अफरा-तफरी, स्थानीय लोगों ने की मदद

हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास रहने वाले लोग सबसे पहले मदद के लिए पहुंचे और उन्होंने ट्रेन के मलबे में फंसे यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया। साथ ही घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस बुलाई गईं।

अल-अय्यात के काफ्र गिरजा इलाके के निवासी अयमन जमाल ने एसोसिएटेड प्रेस को बताया कि दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य में जुट गए। उन्होंने बताया कि उन्होंने करीब 80 घायलों को आसपास के अस्पतालों में ले जाते हुए देखा।

जमाल के अनुसार, कुछ यात्रियों को मलबे से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद राहत और बचाव अभियान जारी रहा।

Comments are closed.