कनाडा की मोस्ट वांटेड सूची में गैंगस्टर गोल्डी बराड़ शीर्ष पर, गिरफ्तारी की सूचना देने पर 2.5 लाख डॉलर का इनाम घोषित

1

गोल्डी बराड़ पर कनाडा का शिकंजा, मोस्ट वांटेड भगोड़ों की सूची में पहले नंबर पर रखा; गिरफ्तारी की सूचना देने पर 2.5 लाख डॉलर का इनाम

पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मामले में आरोपी गैंगस्टर गोल्डी बराड़ की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। कनाडा सरकार ने सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ को देश के सबसे वांछित भगोड़ों की सूची में शामिल करते हुए उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली जानकारी देने वाले व्यक्ति के लिए 2.5 लाख कनाडाई डॉलर तक के इनाम की घोषणा की है।

कनाडा के बोलो कार्यक्रम के तहत जारी मोस्ट वांटेड भगोड़ों की नई टॉप-25 सूची में बराड़ को पहले स्थान पर रखा गया है। इस सूची में उसका नाम शीर्ष संदिग्ध के तौर पर शामिल किया गया है। कनाडाई अधिकारियों ने उसकी तलाश तेज करने के उद्देश्य से यह इनाम घोषित किया है।

बताया जा रहा है कि गोल्डी बराड़ का नाम अमेरिका के शीर्ष 10 गैंगस्टरों की सूची में भी शामिल है। सूत्रों के अनुसार, वह भारतीय मूल का पहला ऐसा गैंगस्टर है, जिसने अमेरिका और कनाडा की वांछित अपराधियों की सूचियों में शीर्ष स्थान हासिल किया है।

इस घटनाक्रम को अमेरिका की संघीय जांच एजेंसी FBI के ऑपरेशन हार्डबॉल के बाद सामने आए घटनाक्रम से भी जोड़कर देखा जा रहा है। सूत्रों का दावा है कि इस अभियान के बाद बराड़ गुप्त रूप से कनाडा पहुंचा हो सकता है। हालांकि, उसके कनाडा में मौजूद होने की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। कनाडा की नई सूची में उसका नाम शामिल होना उसकी तलाश को लेकर सुरक्षा एजेंसियों की बढ़ती सक्रियता को दर्शाता है।

Comments are closed.