ईरानी धमकी के बाद अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट की सुरक्षा बढ़ी, अब भी सैन्य अड्डे में ले रहे हैं शरण
ईरान की धमकियों के बीच सैन्य अड्डे में रह रहे अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट, प्रतिबंध जारी रखने का ऐलान
अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने खुलासा किया है कि ईरान की ओर से मिल रही धमकियों के कारण वह अभी भी एक अमेरिकी सैन्य अड्डे में रह रहे हैं। शुक्रवार को उन्होंने कहा कि इन धमकियों के बावजूद अमेरिका ईरान पर आर्थिक दबाव कम नहीं करेगा, बल्कि प्रतिबंधों को और सख्त बनाने की नीति जारी रखेगा।
सीएनबीसी को दिए इंटरव्यू में बेसेंट ने ईरान की धमकियों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यदि ईरान उन्हें निशाना बनाने की कोशिश कर रहा है, तो यह इस बात का संकेत है कि अमेरिकी दबाव का असर हो रहा है। उन्होंने कहा कि अमेरिका तेहरान पर दबाव बनाए रखेगा। हालांकि, उन्होंने अपनी सुरक्षा को लेकर मिली धमकियों की विस्तृत जानकारी साझा नहीं की।
ईरान पर प्रतिबंधों को और सख्त कर रहा अमेरिका
अमेरिकी वित्त विभाग लगातार ईरान के खिलाफ आर्थिक प्रतिबंधों का दायरा बढ़ा रहा है। इसी वर्ष फरवरी के अंत में अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर सैन्य हमले किए थे। संघर्ष समाप्त करने के लिए समय-समय पर बातचीत की कोशिशें हुई हैं, लेकिन क्षेत्र में तनाव और टकराव पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है।
AI के सैन्य इस्तेमाल पर ट्रंप और शी में सहमति
इंटरव्यू के दौरान बेसेंट ने अमेरिका और चीन के बीच आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के सैन्य इस्तेमाल को लेकर हुई चर्चा का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग इस बात पर सहमत हुए हैं कि सैन्य फैसले लेने की प्रक्रिया में इंसानों की भूमिका हमेशा बनी रहनी चाहिए।
गौरतलब है कि ट्रंप और शी जिनपिंग की मुलाकात गुरुवार को चीन के शेनझेन में हुई थी। इस बैठक में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भी मौजूद रहे।
Comments are closed.