भारत-बांग्लादेश रिश्तों पर विदेश मंत्रालय का बयान, कहा- नई दिल्ली सकारात्मक और रचनात्मक संबंध बनाए रखने की पक्षधर

2

बांग्लादेश के साथ बेहतर रिश्ते चाहता है भारत, विदेश मंत्रालय ने आंतरिक राजनीति पर टिप्पणी से किया इनकार

भारत ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि वह बांग्लादेश के साथ सकारात्मक, रचनात्मक और भविष्य को ध्यान में रखकर संबंध बनाए रखना चाहता है। हालांकि, पड़ोसी देश में जारी राजनीतिक गतिविधियों और आंतरिक मामलों पर भारत ने कोई टिप्पणी करने से परहेज किया है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को साप्ताहिक प्रेस ब्रीफिंग के दौरान कहा कि बांग्लादेश के प्रति भारत की नीति में कोई बदलाव नहीं आया है। दोनों देशों के संबंध साझा इतिहास, सांस्कृतिक विरासत और जनता के आपसी जुड़ाव पर आधारित हैं।

जायसवाल से बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान की उस टिप्पणी को लेकर सवाल किया गया था, जिसमें उन्होंने देश में अवामी लीग के कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शनों का जिक्र किया था।

इस पर प्रवक्ता ने कहा कि भारत हमेशा बांग्लादेश के साथ सकारात्मक, रचनात्मक और भविष्योन्मुखी संबंधों का समर्थक रहा है। उन्होंने बांग्लादेश के आंतरिक राजनीतिक घटनाक्रम पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।

दरअसल, तारिक रहमान ने गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना और उनकी पार्टी अवामी लीग पर निशाना साधा था। उन्होंने भारत का नाम लिए बिना सीमा पार शरण लेने वाले लोगों पर साजिश रचने का आरोप लगाया था।

समुद्री जहाजों पर हमलों की भारत ने की निंदा

प्रेस ब्रीफिंग में विदेश मंत्रालय ने वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाए जाने की घटनाओं की भी आलोचना की। मंत्रालय ने कहा कि समुद्र में नाविकों की सुरक्षा भारत के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।

कतर में हिरासत में लिए गए पूर्व नौसेना अधिकारी पर भी अपडेट

विदेश मंत्रालय ने भारतीय नौसेना के पूर्व कमांडर पूर्णेंदु तिवारी की सेहत को लेकर भी जानकारी दी। प्रवक्ता ने बताया कि भारत इस मामले में कतर के अधिकारियों के लगातार संपर्क में है।

तिवारी उन पूर्व भारतीय नौसैनिक अधिकारियों में शामिल हैं, जिन्हें अगस्त 2022 में कतर में एक निजी कंपनी के लिए काम करने के दौरान जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। वह फिलहाल कतर की हिरासत में हैं।

Comments are closed.