बर्ड फ्लू से बचाव के लिए स्वदेशी वैक्सीन तैयार, सिर्फ 1-2 रुपये में मुर्गियों को मिलेगी छह महीने की सुरक्षा
बर्ड फ्लू के खिलाफ भारत को बड़ी कामयाबी, भोपाल के विज्ञानियों ने बनाई पहली स्वदेशी वैक्सीन
भारत ने पोल्ट्री उद्योग को बर्ड फ्लू के खतरे से बचाने की दिशा में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भोपाल के विज्ञानियों ने एवियन इंफ्लूएंजा (H5N1) से मुर्गियों की सुरक्षा के लिए देश की पहली स्वदेशी वैक्सीन विकसित की है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को भोपाल में इस वैक्सीन का लोकार्पण किया।
भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशुरोग संस्थान (NIHSAD) के विशेषज्ञों ने इस वैक्सीन को तैयार किया है। इसके इस्तेमाल से मुर्गियों को करीब छह महीने तक बर्ड फ्लू से सुरक्षा मिलने की उम्मीद है। इसकी एक खुराक की अनुमानित कीमत महज एक से दो रुपये रखी गई है, जिससे पोल्ट्री किसानों को बड़ी राहत मिल सकती है।
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वैक्सीन को जल्द बाजार में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी घोषणा की कि NIHSAD में लगभग 300 करोड़ रुपये की लागत से बीएसएल-4 प्रयोगशाला स्थापित की जाएगी। इससे पशुओं में फैलने वाली खतरनाक संक्रामक बीमारियों पर शोध और नियंत्रण की क्षमता मजबूत होगी।
इस वैक्सीन को विकसित करने के लिए सितंबर 2025 में काम शुरू किया गया था। संस्थान के निदेशक डॉ. अनिकेत सान्याल के मार्गदर्शन और वैज्ञानिक डॉ. एस. नागराजन के नेतृत्व में आठ सदस्यीय टीम ने इसे तैयार किया। कार्यक्रम के दौरान पूरी टीम को सम्मानित भी किया गया।
ICAR के महानिदेशक डॉ. एम.एल. जाट के मुताबिक, यह वैक्सीन H5N1 वायरस के खतरनाक क्लेड 2.3.2.1a वैरिएंट के खिलाफ दुनिया की पहली वैक्सीन है।
इस उपलब्धि से देश के पोल्ट्री उद्योग को बड़ा फायदा मिलने की संभावना है। अब तक बर्ड फ्लू का संक्रमण फैलने पर प्रभावित इलाकों में बड़े पैमाने पर मुर्गियों को मारना पड़ता था, जिससे किसानों और पोल्ट्री कारोबारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता था। स्वदेशी वैक्सीन के इस्तेमाल से इस जोखिम को कम करने में मदद मिल सकती है।
Comments are closed.