इजरायल में गठबंधन सरकार की कोशिशें तेज, आइजनकोट ने लिकुड को बातचीत के लिए बुलाया
इजरायल में नई सरकार के गठन को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। सरकार बनाने की जिम्मेदारी संभाल रहे गादी आइजनकोट ने कार्यवाहक प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की दक्षिणपंथी पार्टी लिकुड को गठबंधन पर चर्चा के लिए आमंत्रित किया है। आइजनकोट की पार्टी यशर ने शनिवार को इसकी पुष्टि की।
‘जेरूसलम पोस्ट’ की रिपोर्ट के मुताबिक, आइजनकोट ने अपनी पार्टी की वार्ता टीम को लिकुड के प्रतिनिधियों के साथ लंबी बातचीत शुरू करने का निर्देश दिया है। इस पहल का उद्देश्य विभिन्न राजनीतिक दलों को साथ लाकर व्यापक गठबंधन सरकार बनाने की संभावनाओं पर सहमति कायम करना है। वहीं, ‘एबीसी न्यूज’ के अनुसार, आइजनकोट को सरकार गठन की प्रक्रिया पूरी करने के लिए दिसंबर तक का समय मिला है।
लिकुड ने रखीं अपनी शर्तें
आइजनकोट के निमंत्रण के बाद लिकुड ने भी शनिवार को राष्ट्रीय एकता सरकार के गठन को लेकर अपनी मांगें और शर्तें सामने रखीं। ऐसे में दोनों पक्षों के बीच बातचीत का रुख आगामी राजनीतिक समीकरणों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
नफ्ताली बेनेट ने किया पहल का समर्थन
इस घटनाक्रम के बीच बेयाचद पार्टी के प्रमुख नफ्ताली बेनेट ने भी राष्ट्रीय एकता सरकार बनाने की पहल का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि आइजनकोट के नेतृत्व में सरकार के गठन की कोशिशों में कोई कमी नहीं छोड़ी जानी चाहिए।
वार्ता में देरी की आशंका
‘द येशिवा वर्ल्ड’ की रिपोर्ट में आशंका जताई गई है कि लिकुड गठबंधन वार्ता को लंबा खींच सकती है। इससे आइजनकोट को मिले सरकार गठन के जनादेश की समय-सीमा समाप्त होने का खतरा पैदा हो सकता है।
वहीं, ‘टाइम्स ऑफ इजरायल’ के मुताबिक, डेमोक्रेट्स पार्टी के प्रमुख यायर गोलान ने कहा है कि वह ऐसी गठबंधन सरकार का विरोध नहीं करेंगे, जिसमें अति-रूढ़िवादी यानी अल्ट्रा-ऑर्थोडॉक्स दल भी शामिल हों। इस बयान से सरकार गठन की संभावित बातचीत में नए राजनीतिक विकल्पों की गुंजाइश बनती दिखाई दे रही है।
Comments are closed.