यूक्रेन का 2,400 किमी दूर लीबिया में ड्रोन हमला, रूसी जहाज भी निशाने पर; अब समुद्र में सुरक्षित नहीं रूस?

1

यूक्रेन का 2,400 किलोमीटर दूर रूसी युद्धपोत पर हमला, लीबिया में कैसे तबाह किया मॉस्को का जंगी जहाज? जानें पूरी रणनीति

रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध अब काला सागर तक सीमित नहीं रह गया है। यूक्रेन ने अपने नौसैनिक ड्रोन अभियानों का दायरा बढ़ाते हुए भूमध्य सागर और बाल्टिक सागर में भी रूसी समुद्री संपत्तियों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। ताजा घटनाक्रम में यूक्रेनी ड्रोन ने अपनी सीमा से करीब 2,400 किलोमीटर दूर पूर्वी लीबिया के बेनगाजी बंदरगाह पर खड़े रूसी नौसेना के एक युद्धपोत को निशाना बनाया। इस हमले ने भूमध्य सागर में रूस की समुद्री सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नई चिंताएं पैदा कर दी हैं।

‘द वॉर जोन’ की रिपोर्ट के मुताबिक, 22 नवंबर को बेनगाजी बंदरगाह पर यूक्रेनी नौसैनिक ड्रोनों ने रूसी युद्धपोत मर्करी और एक रूसी मालवाहक जहाज पर हमला किया। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने 23 नवंबर को अभियान की पुष्टि करते हुए बताया कि युद्धपोत को डुबाने के लिए यूक्रेन में निर्मित सात नौसैनिक ड्रोनों का इस्तेमाल किया गया।

यूक्रेन की सुरक्षा सेवा (SBU) ने दावा किया कि हमले में युद्धपोत पर मौजूद रूसी केए-27 सैन्य हेलीकॉप्टर भी नष्ट हो गया। वहीं, ‘द वॉर जोन’ द्वारा प्रकाशित सैटेलाइट तस्वीरों में जहाज को आग की लपटों से घिरा हुआ दिखाया गया है। बाद में युद्धपोत पलट गया और उसका अधिकांश हिस्सा समुद्र में समा गया।

बाल्टिक सागर तक पहुंचा यूक्रेन का ड्रोन अभियान

लीबिया में हुआ हमला रूस के समुद्री ठिकानों और जहाजों को निशाना बनाने की यूक्रेन की व्यापक रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। इसके तहत रूसी जहाजों पर केवल काला सागर में ही नहीं, बल्कि अन्य रणनीतिक समुद्री क्षेत्रों में भी हमले किए जा रहे हैं।

बेनगाजी हमले से एक दिन पहले, 21 नवंबर को फिनलैंड की खाड़ी में रूस के रक्षा मंत्रालय से जुड़े मालवाहक जहाज स्पार्टा-II पर भी संदिग्ध ड्रोन हमला हुआ था। रिपोर्टों के मुताबिक, हमले के दौरान जहाज में आग लग गई थी। उस समय वह रूस के कलिनिनग्राद क्षेत्र की ओर जा रहा था।

2,400 किलोमीटर दूर यूक्रेन ने कैसे पहुंचाए नौसैनिक ड्रोन?

यूक्रेन की अग्रिम मोर्चे से हजारों किलोमीटर दूर लीबिया में रूसी युद्धपोत को निशाना बनाने की क्षमता के पीछे उत्तरी अफ्रीका में उसकी कथित सैन्य मौजूदगी को अहम माना जा रहा है।

यूक्रेनी सुरक्षा सेवा के अनुसार, हमले में इस्तेमाल किए गए सात स्वदेशी नौसैनिक ड्रोनों को पहले एक निर्धारित स्थान तक पहुंचाया गया और फिर एक तथाकथित मदरशिप से लॉन्च किया गया। हालांकि, एजेंसी ने उस जहाज की पहचान, उसके प्रस्थान स्थल और ड्रोनों के वास्तविक मार्ग के बारे में जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।

समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस (AP) के अनुसार, लीबिया के दो सैन्य अधिकारियों ने दावा किया कि ड्रोन पश्चिमी लीबिया में यूक्रेनी बलों द्वारा संचालित एक ठिकाने से छोड़े गए थे। उनके मुताबिक, रास्ते में कम से कम चार ड्रोनों को रोक दिया गया, जबकि दो ड्रोन रूसी युद्धपोत से टकराए।

लीबिया में यूक्रेन के कथित सैन्य ठिकानों का क्या है मामला?

लीबिया में यूक्रेन की कथित सैन्य मौजूदगी को त्रिपोली स्थित सरकार के साथ हुए एक संभावित सैन्य समझौते से जोड़कर देखा जा रहा है।

फ्रांसीसी प्रसारक रेडियो फ्रांस इंटरनेशनेल (RFI) ने अप्रैल 2026 में प्रकाशित अपनी जांच रिपोर्ट में लीबिया के दो सूत्रों के हवाले से बताया था कि पश्चिमी लीबिया के तीन ठिकानों पर 200 से अधिक यूक्रेनी सैन्य अधिकारी और विशेषज्ञ तैनात हैं।

रिपोर्ट में जिन तीन स्थानों का उल्लेख किया गया, उनमें मिसराता की एक वायुसेना अकादमी, जाविया में मेलिताह तेल एवं गैस परिसर के पास स्थित एक केंद्र और त्रिपोली के निकट लीबिया की 111वीं ब्रिगेड का मुख्यालय शामिल है। बताया गया कि जाविया स्थित केंद्र में हवाई और नौसैनिक ड्रोन लॉन्च करने से जुड़े उपकरण मौजूद हैं।

सूत्रों के अनुसार, अक्टूबर 2025 में हुए कथित समझौते के तहत यूक्रेन को लीबिया में सैन्य मौजूदगी स्थापित करने के बदले स्थानीय सुरक्षा बलों को ड्रोन युद्ध का प्रशिक्षण देना था। हालांकि, न तो यूक्रेन और न ही लीबिया की किसी सरकार ने सार्वजनिक रूप से इस समझौते की पुष्टि की है।

रूसी जहाजों पर पहले भी हो चुके हैं हमले

RFI की रिपोर्ट में भूमध्य सागर में रूसी जहाजों को निशाना बनाने की पिछली घटनाओं का भी जिक्र किया गया है।

रिपोर्ट के मुताबिक, दिसंबर 2025 में रूस से जुड़े टैंकर केंडिल पर हमला मिसराता क्षेत्र से किया गया था। इसके बाद मार्च 2026 में रूसी एलएनजी वाहक आर्कटिक मेटागैज को निशाना बनाया गया। दावा है कि इस अभियान में मेलिताह केंद्र से लॉन्च किए गए मागुरा V5 नौसैनिक ड्रोनों का इस्तेमाल हुआ था।

रॉयल यूनाइटेड सर्विसेज इंस्टीट्यूट के विश्लेषक जलेल हरचौई ने AP से बातचीत में कहा कि ग्रेटर त्रिपोली क्षेत्र में यूक्रेनी सैन्य कर्मियों की मौजूदगी संभव है। उन्होंने इसके पीछे पश्चिमी देशों की जानकारी और संभावित समर्थन की ओर भी संकेत किया।

हालांकि, कीव ने लीबिया में अपनी सैन्य तैनाती की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। दूसरी ओर, त्रिपोली सरकार के रक्षा मंत्रालय ने भी विदेशी देशों के खिलाफ हमलों के लिए लीबियाई सैन्य ठिकानों के इस्तेमाल की अनुमति देने से इनकार किया है।

रूस के लिए युद्धपोत मर्करी का नष्ट होना क्यों अहम है?

बेनगाजी में रूसी युद्धपोत मर्करी को हुआ नुकसान मॉस्को के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यह जहाज केवल नौसैनिक युद्ध में इस्तेमाल होने वाला प्लेटफॉर्म नहीं था, बल्कि भूमध्य सागर में रूसी सैन्य आपूर्ति मार्गों की सुरक्षा में भी भूमिका निभाता था।

यूक्रेन की सुरक्षा सेवा (SBU) के अनुसार, मर्करी नियमित रूप से रूसी नौसैनिक काफिलों को सुरक्षा प्रदान करता था। इनमें मालवाहक जहाज एमवी अंगारा भी शामिल था। इस जहाज का इस्तेमाल तथाकथित सीरियन एक्सप्रेस और लीबियन एक्सप्रेस आपूर्ति मार्गों पर सैन्य उपकरणों के परिवहन के लिए किया जाता था।

मई 2023 में रूसी नौसेना में शामिल हुआ मर्करी प्रोजेक्ट 20380 स्टेरेगुश्ची श्रेणी का आधुनिक युद्धपोत था। इसका वजन लगभग 2,200 टन और लंबाई 104.5 मीटर थी। यह अधिकतम 27 समुद्री मील की रफ्तार से चल सकता था और इसमें करीब 100 नौसैनिकों का दल तैनात रहता था।

इस युद्धपोत में आठ Kh-35 एंटी-शिप मिसाइलें, रेडुट एयर डिफेंस मिसाइल प्रणाली, 100 एमएम की नौसैनिक तोप और टॉरपीडो मौजूद थे। इसके अलावा यह केए-27 नौसैनिक हेलीकॉप्टर का संचालन करने में भी सक्षम था।

रूसी सैन्य काफिलों की सुरक्षा में इसकी भूमिका को देखते हुए इसका नुकसान केवल एक युद्धपोत के नष्ट होने तक सीमित नहीं है। इससे भूमध्य सागर में सैन्य सामान की आवाजाही और उसकी सुरक्षा पर असर पड़ सकता है। यह हमला इस बात का भी संकेत है कि यूक्रेन अब समुद्र में रूस की सैन्य मौजूदगी को उसके पारंपरिक युद्धक्षेत्र से काफी दूर जाकर चुनौती देने की क्षमता विकसित कर रहा है।

Comments are closed.