सुप्रीम कोर्ट बुधवार को उमर खालिद और शरजील इमाम की जमानत याचिकाओं पर सुनवाई करेगा।
दोनों ने दिल्ली हाई कोर्ट के उस फैसले को चुनौती दी है, जिसमें फरवरी 2020 के उत्तर-पूर्वी दिल्ली दंगों से जुड़ी कथित साजिश के मामले में उन्हें यूएपीए के तहत जमानत देने से इनकार कर दिया गया था।
सुप्रीम कोर्ट की वेबसाइट पर उपलब्ध वाद सूची के मुताबिक, मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जायमाल्य बागची और न्यायमूर्ति विपुल एम. पंचोली की पीठ इस मामले पर सुनवाई कर सकती है।
दोनों आरोपितों ने अपनी याचिकाओं में जमानत दिए जाने की मांग करते हुए अभियोजन पक्ष की कार्यवाही पर सवाल उठाए हैं। उनका तर्क है कि अभियोजन पक्ष अब तक संरक्षित गवाहों से पूछताछ करने में विफल रहा है। इसके अलावा, सुप्रीम कोर्ट की ओर से लगाई गई एक साल की रोक की अवधि भी जल्द समाप्त होने वाली है।
शरजील इमाम की याचिका में बताया गया है कि इस मामले में 25 सितंबर 2020 को आरोपपत्र दाखिल किया गया था। इसमें कुल 18 आरोपित मुकदमे का सामना कर रहे हैं।
अभियोजन पक्ष ने मामले में 900 से अधिक गवाहों की सूची पेश की है, जिनमें 47 संरक्षित गवाह शामिल हैं। उमर खालिद ने भी अपनी याचिका में इस तथ्य को उठाते हुए कहा है कि संरक्षित गवाहों से अब तक पूछताछ नहीं हुई है।
अब सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई से यह तय होगा कि दोनों आरोपितों को जमानत के मामले में कोई राहत मिलती है या उन्हें अभी और इंतजार करना पड़ेगा।
Comments are closed.