जेनसन हुआंग ने एनवीडिया कर्मचारियों से मांगी माफी, बोले- मुझसे हुईं कई गंभीर गलतियां

1

एनवीडिया के सीईओ जेनसन हुआंग ने कंपनी के कर्मचारियों के साथ हुई बैठक में अपनी गलतियों को स्वीकार करते हुए माफी मांगी।

उन्होंने कहा कि उनसे कुछ गंभीर गलतियां हुई हैं और वह इस स्थिति से निपटने के लिए थेरेपी भी ले रहे हैं। मंगलवार को कंपनी के मुख्यालय में आयोजित एक घंटे की ऑल-हैंड्स मीटिंग के दौरान हुआंग ने स्वीकार किया कि उन्होंने खुद तैयार की गई आचार संहिता का उल्लंघन किया है। उन्होंने अपने व्यवहार को अनुचित बताते हुए कहा कि ऐसा करना स्वीकार्य नहीं था।

हुआंग ने उन दावों को भी खारिज किया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हस्तक्षेप के कारण उन्हें दोबारा कंपनी की कमान सौंपी गई। हालांकि, ट्रंप ने सोमवार को CNBC को बताया था कि उन्होंने एनवीडिया के बोर्ड सदस्यों से बातचीत कर उन्हें हुआंग की वापसी के लिए राजी किया था।

गौरतलब है कि 12 नवंबर को हुआंग ने विवाहेतर संबंधों से जुड़े आरोपों के सामने आने के बाद इस्तीफा दे दिया था। इनमें एक संदिग्ध चीनी जासूस से कथित संबंधों का मामला भी शामिल था। उनके इस्तीफे की खबर से एनवीडिया सहित एआई क्षेत्र की कई कंपनियों के शेयर प्रभावित हुए थे।

सोमवार को उनकी दोबारा नियुक्ति की खबर सामने आने के बाद एनवीडिया के शेयरों में 30 प्रतिशत से अधिक की तेजी दर्ज की गई, जबकि मंगलवार को इनमें करीब छह प्रतिशत की गिरावट आई।

कंपनी के अनुसार, अमेरिकी सरकार से प्राप्त जानकारी के आधार पर हुआंग को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा नहीं माना गया, जिसके बाद उन्हें फिर से सीईओ नियुक्त किया गया। हालांकि, कंपनी और हुआंग से जुड़े कई मामलों की जांच अभी जारी है। एनवीडिया का बोर्ड इस बात की आंतरिक जांच कर रहा है कि क्या हुआंग किसी चीनी जासूसी अभियान का निशाना बने थे।

इसके अलावा, अमेरिकी न्याय विभाग मेगास्पीड नामक कंपनी की जांच कर रहा है। आरोप है कि इस कंपनी के माध्यम से एनवीडिया के प्रोसेसर चीन भेजे गए। वहीं, अमेरिकी प्रतिभूति एवं विनिमय आयोग (SEC) कंपनी के लेखांकन और शेयरधारकों को दी गई जानकारी की भी पड़ताल कर रहा है।

इस मामले में हुआंग को आगे अमेरिकी संसद की समितियों के सामने भी पेश होना है। वह 1 दिसंबर को प्रतिनिधि सभा की तीन समितियों के समक्ष बंद कमरे में बयान देंगे, जबकि 3 दिसंबर को सीनेट की एक समिति के सामने सुनवाई में शामिल होंगे।

Comments are closed.