‘भारत के खिलाफ जारी है हमारा जिहाद’, जैश कमांडर का कबूलनामा; गुलाम जम्मू-कश्मीर में सक्रिय है पुलवामा हमले का आरोपी
पाकिस्तान में जैश-ए-मोहम्मद के एक कमांडर के बयान ने गुलाम जम्मू-कश्मीर में आतंकी नेटवर्क की मौजूदगी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जैश कमांडर मसूद इलियास कश्मीरी ने इस्लामाबाद में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान स्वीकार किया कि पुलवामा और संसद हमले से जुड़े आतंकी संगठन के सदस्य गुलाम जम्मू-कश्मीर के रावलाकोट में सक्रिय हैं।
मसूद ने अपने भाषण में पाकिस्तान सरकार, खुफिया एजेंसियों और गुलाम जम्मू-कश्मीर में विरोध प्रदर्शनों का नेतृत्व कर रही जायंट अवामी एक्शन कमेटी के बीच मध्यस्थता करने की बात भी स्वीकार की। उसने कहा कि जैश का कैडर भी इस आंदोलन में शामिल है, लेकिन संगठन के किसी सदस्य ने पाकिस्तानी सेना पर हमला नहीं किया।
पाकिस्तानी अधिकारियों के साथ बैठक का दावा
मसूद इलियास ने दावा किया कि रावलाकोट में जैश-ए-मोहम्मद का आतंकी नेटवर्क अब भी सक्रिय है। उसने यह भी बताया कि संगठन के कुछ हथियारबंद सदस्य उसी समुदाय से जुड़े हैं, जो जायंट अवामी एक्शन कमेटी के विरोध प्रदर्शनों में हिस्सा ले रहा है।
उसके मुताबिक, मुजफ्फराबाद और रावलाकोट में प्रदर्शनों के दौरान जैश के सदस्यों की मौजूदगी को लेकर पैदा हुई स्थिति पर चर्चा करने के लिए उसने पाकिस्तान सरकार और सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों के साथ बैठक की थी।
गौरतलब है कि दैनिक जागरण ने अगस्त 2026 में अपनी रिपोर्ट में बताया था कि पाकिस्तान सरकार ने गुलाम जम्मू-कश्मीर में आंदोलनकारियों के साथ बातचीत के लिए मसूद इलियास कश्मीरी को मध्यस्थ की जिम्मेदारी सौंपी थी।
अपने भाषण में मसूद ने पाकिस्तान के सत्ता प्रतिष्ठान पर भी आरोप लगाए। उसने दावा किया कि सरकार के शीर्ष स्तर पर बैठे लोगों ने जायंट अवामी एक्शन कमेटी के नेताओं और रावलाकोट में प्रदर्शन कर रहे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की योजना बनाई है।
‘हमारा जिहाद सिर्फ हिंदुस्तान के खिलाफ’
मसूद ने पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि वे पाकिस्तान विरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों की सही पहचान नहीं कर पा रही हैं। उसने रेंजर्स के जवानों की हत्या में शामिल लोगों की पहचान को लेकर भी सवाल उठाए।
उसका दावा था कि संबंधित अधिकारियों से जैश के किसी ऐसे सदस्य का नाम बताने को कहा गया था, जो हिंसा में शामिल हो। हालांकि, उसे जो नाम बताए गए, वे सभी विरोध प्रदर्शनों में बैठे लोगों के थे।
मसूद ने कहा कि जैश के सदस्य स्थानीय होने के कारण प्रदर्शनों में हिस्सा ले रहे हैं, लेकिन संगठन का उद्देश्य पाकिस्तान के खिलाफ लड़ना नहीं है। उसके शब्दों में, उनका जिहाद केवल भारत के खिलाफ है और उनका लक्ष्य कश्मीर जिहाद को कामयाब बनाना है।
ISI की निष्क्रिय आतंकी संगठनों को फिर सक्रिय करने की रणनीति
इस बीच, खुफिया सूचनाओं में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI की एक नई रणनीति का भी संकेत मिला है। इसके तहत जम्मू-कश्मीर में पहले सक्रिय रहे और अब निष्क्रिय हो चुके आतंकी संगठनों के पुराने सदस्यों से दोबारा संपर्क साधकर उनके नेटवर्क को पुनर्जीवित करने की कोशिश की जा सकती है।
खुफिया आकलन के अनुसार, जम्मू-कश्मीर में कभी सक्रिय रहे 19 आतंकी संगठनों में से कश्मीर जिहाद फोर्स (KJF) और तहरीक-ए-जिहाद (TEJ) जैसे निष्क्रिय संगठनों के पूर्व सदस्यों, स्थानीय संपर्कों और अनुभव का इस्तेमाल नए आतंकियों की भर्ती के लिए किया जा सकता है।
सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि छोटे और निष्क्रिय संगठनों को फिर से खड़ा करने के पीछे आतंकी नेटवर्क की पहचान मुश्किल बनाना भी एक मकसद हो सकता है। इससे हमलों के पीछे सक्रिय संगठनों और उनके आपसी संबंधों का पता लगाना सुरक्षा एजेंसियों के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
Comments are closed.