अमेरिकी खुफिया एजेंसियों पर साइबर हमला, CIA और ODNI के कंप्यूटर नेटवर्क से डेटा लीक होने की खबर

2

अमेरिका की प्रमुख खुफिया एजेंसियों केंद्रीय खुफिया एजेंसी (CIA) और राष्ट्रीय खुफिया निदेशक कार्यालय (ODNI) के कंप्यूटर नेटवर्क में साइबर सुरक्षा सेंधमारी का मामला सामने आया है।

इस घटना में एजेंसियों की कुछ गैर-वर्गीकृत सूचनाएं प्रभावित हुई हैं। हालांकि, अमेरिकी अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि किसी संवेदनशील या गोपनीय खुफिया प्रणाली की कार्यक्षमता पर इसका असर नहीं पड़ा है।

न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, साइबर घुसपैठ उस नेटवर्क तक पहुंची, जिसका इस्तेमाल सार्वजनिक रूप से उपलब्ध सूचनाओं का विश्लेषण कर खुफिया जानकारियां जुटाने के लिए किया जाता है। इस व्यवस्था को ओपन-सोर्स इंटेलिजेंस सिस्टम के नाम से जाना जाता है।

ODNI ने इस घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि अमेरिका की महत्वपूर्ण खुफिया क्षमताएं और वर्गीकृत कंप्यूटर सिस्टम अप्रभावित रहे हैं। वहीं, CIA ने इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।

रिपोर्ट में फिलहाल यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि साइबर हमले के दौरान किस तरह की गैर-वर्गीकृत जानकारी तक पहुंच बनाई गई या वास्तव में कितना डेटा प्रभावित हुआ। आशंका यह भी जताई जा रही है कि इस सुरक्षा उल्लंघन का असर अन्य सरकारी विभागों की सूचनाओं पर भी पड़ा हो सकता है।

यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब अमेरिका की कई सरकारी एजेंसियां लगातार साइबर हमलों और सुरक्षा उल्लंघनों का सामना कर रही हैं। हाल के दिनों में कृषि विभाग, संघीय जांच ब्यूरो (FBI), पेंटागन और होमलैंड सिक्योरिटी विभाग से जुड़ी साइबर घटनाएं भी सामने आई हैं।

हालांकि, CIA और ODNI के नेटवर्क में सेंधमारी किस तरीके से की गई, हमलावरों ने किस तकनीक का इस्तेमाल किया और इसके पीछे किस समूह या देश का हाथ है, इसकी जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है। मामले की जांच के बीच हमले के स्रोत और इसके वास्तविक प्रभाव को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।

Comments are closed.