मिस्र में टैंकर पलटने के बाद भीषण अग्निकांड, 31 लोगों की मौत और 15 घायल
मिस्र में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने भारी तबाही मचा दी। पेट्रोलियम उत्पादों से भरा एक वाहन सड़क पर पलटने के बाद आग की लपटों में घिर गया। इस हादसे में 31 लोगों की जान चली गई, जबकि 15 अन्य घायल हो गए।
मिस्र के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, दुर्घटना ग्रेटर काहिरा के प्रमुख रिंग रोड पर हुई। गीजा के अल-वर्राक इलाके में एक सुरंग के ऊपर पेट्रोलियम उत्पादों से लदा वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसके बाद उसमें भीषण आग लग गई।
हादसे की सूचना मिलते ही दमकल और बचाव दल मौके पर पहुंचे। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दमकलकर्मियों को आग बुझाने और राहत अभियान पूरा करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। आखिरकार आग पर काबू पा लिया गया।
हादसे वाला रिंग रोड काहिरा, गीजा और कल्यूबिया प्रांतों को प्रमुख राजमार्गों से जोड़ता है। यह क्षेत्र राजधानी के आसपास यातायात के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जाता है।
मिस्र में सड़क दुर्घटनाओं के पीछे तेज रफ्तार, यातायात नियमों की अनदेखी और सड़कों की खराब स्थिति जैसे कारण प्रमुख माने जाते हैं। सरकार ने पिछले कुछ वर्षों में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नए राजमार्गों और पुलों का बड़ा नेटवर्क तैयार किया है। इसके बावजूद देश में सड़क सुरक्षा एक गंभीर चुनौती बनी हुई है।
Comments are closed.