मध्य जापान में देर रात 5.7 तीव्रता का भूकंप, जोरदार झटकों से दहशत; कई लोग घायल

2

जापान में रविवार तड़के आए 5.7 तीव्रता के भूकंप ने मध्य क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया।

भूकंप के तेज झटकों के कारण कई लोग घायल हो गए हैं। जापानी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, घायलों की संख्या दर्जनों में बताई जा रही है। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के अनुसार, भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह 1:04 बजे आया। इसका केंद्र शिजूओका प्रान्त के पश्चिमी हिस्से में जमीन से करीब 40 किलोमीटर नीचे था।

भूकंप का सबसे अधिक असर ऐची प्रान्त के चिता इलाके में देखने को मिला, जहां जापान के भूकंपीय तीव्रता पैमाने पर ऊपरी 5 स्तर की तीव्रता दर्ज की गई। वहीं, ऐची, नागानो और गिफू प्रान्तों के कुछ हिस्सों में निचले 5 स्तर के झटके महसूस किए गए। भूकंप के बाद कई हल्के आफ्टरशॉक भी दर्ज किए गए।

घटना के बाद जापानी सरकार ने प्रभावित इलाकों की स्थिति पर नजर रखने और राहत एवं बचाव कार्यों के बीच समन्वय स्थापित करने के लिए आपातकालीन संपर्क कार्यालय बनाया है। मौसम विज्ञान एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि भूकंप के कारण सुनामी का कोई खतरा नहीं है। प्रशासन हालात पर लगातार नजर रख रहा है और घायलों को चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

Comments are closed.