अमेरिका में ‘मॉन्स्टर विंटर स्टॉर्म’, एअर इंडिया ने न्यूयॉर्क-नेवार्क की उड़ानें रद्द कीं

0

अमेरिका के पूर्वी तट पर संभावित भीषण विंटर स्टॉर्म को देखते हुए एयर इंडिया ने यात्रा संबंधी चेतावनी जारी की है।

एयरलाइन ने भारी बर्फबारी और खराब मौसम के पूर्वानुमान के चलते 25 और 26 जनवरी को न्यूयॉर्क (JFK) और नेवार्क (EWR) आने-जाने वाली सभी उड़ानें रद्द कर दी हैं। एयर इंडिया ने कहा कि यह फैसला यात्रियों और क्रू मेंबर्स की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

एयर इंडिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक बयान में कहा, “रविवार सुबह से सोमवार तक न्यूयॉर्क, न्यू जर्सी और अमेरिका के पूर्वी तट के आसपास के इलाकों में भारी बर्फबारी के साथ भीषण विंटर स्टॉर्म का पूर्वानुमान है, जिसका फ्लाइट ऑपरेशन्स पर बड़ा असर पड़ सकता है। यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए 25 और 26 जनवरी को न्यूयॉर्क और नेवार्क से आने-जाने वाली सभी एयर इंडिया उड़ानें रद्द की गई हैं।”

एयरलाइन ने बताया कि जिन यात्रियों ने इन तारीखों के लिए टिकट बुक कराए हैं, उन्हें हर संभव सहायता दी जाएगी। अधिक जानकारी के लिए यात्रियों को एयर इंडिया के 24×7 कॉल सेंटर (+91 1169329333 और +91 1169329999) से संपर्क करने या एयरलाइन की आधिकारिक वेबसाइट देखने की सलाह दी गई है।

सीएनएन के अनुसार, अमेरिका की दो-तिहाई आबादी एक भयंकर शीतकालीन तूफान और भीषण ठंड का सामना कर रही है. सप्ताहांत तक पूर्व की ओर बढ़ते हुए, तूफान की बर्फ टेक्सास से लेकर न्यू इंग्लैंड तक 2,000 मील से अधिक क्षेत्र में फैलेगी. इसके परिणामस्वरूप भारी बर्फ जमने से बिजली की लाइनें प्रभावित होंगी, जिससे लाखों लोगों की बिजली गुल हो सकती है, कुछ की तो कई दिनों तक.

इस बीच, अमेरिका की राष्ट्रीय मौसम सेवा (NWS) ने भी लोगों को तूफान को गंभीरता से लेने की चेतावनी दी है। NWS के अनुसार, शनिवार से लेकर सप्ताहांत तक मध्य और उत्तर-पूर्वी अमेरिका के कई हिस्सों में मध्यम से गंभीर प्रभाव पड़ने की आशंका है। खराब मौसम के चलते यात्रा से बचने की सलाह देते हुए एजेंसी ने कहा कि सड़क मार्ग पर यात्रा “खतरनाक से लेकर असंभव” हो सकती है और व्यापक स्तर पर यातायात बाधित होने के साथ-साथ बुनियादी ढांचे पर भी असर पड़ सकता है।

तूफान के प्रभाव से पहले ही अमेरिका में हजारों उड़ानें रद्द कर दी गई हैं, जबकि प्रभावित इलाकों में सड़क यात्रा को बेहद मुश्किल बताया जा रहा है। हालात को देखते हुए 15 से अधिक राज्यों ने आपातकाल की घोषणा की है। इनमें मिसौरी, अर्कांसस, लुइसियाना, मिसिसिपी, टेनेसी, अलबामा, जॉर्जिया, उत्तरी कैरोलिना, दक्षिणी कैरोलिना, वर्जीनिया, न्यूयॉर्क, केंटकी, मैरीलैंड, न्यू जर्सी और कंसास शामिल हैं।

टेक्सास के गवर्नर ग्रेग एबॉट ने 134 काउंटियों में आपदा की घोषणा करते हुए संसाधन जुटाने के निर्देश दिए हैं। वहीं, वाशिंगटन डीसी की मेयर म्यूरियल बॉसर ने भी राजधानी में आपातकाल घोषित किया है। CNN की रिपोर्ट के अनुसार, अगले सप्ताह अमेरिका की आधी से अधिक आबादी को शून्य से नीचे तापमान वाली बेहद ठंडी हवाओं का सामना करना पड़ सकता है।

Comments are closed.