जिले में चल रहे विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के तहत तैयार की गई मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां सामने आ रही हैं।
कांधला, शामली और गंगेरू के बाद अब थानाभवन और आसपास के ग्रामीण इलाकों में भी कई अनियमितताएं उजागर हुई हैं। अलग-अलग इलाकों में एक ही मकान में दर्जनों मतदाताओं के नाम दर्ज पाए गए हैं, जिनमें विभिन्न समुदायों और जातियों का उल्लेख किया गया है।
भारत निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची में सामने आ रही इन त्रुटियों पर विपक्षी कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। पार्टी का दावा है कि बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर सत्यापन के दावों के बावजूद सूची में गंभीर खामियां रह गई हैं।
कांग्रेस के अनुसार, थानाभवन क्षेत्र के शाहविलायत-3 में एक ही मकान संख्या 100 में 42 मतदाता दर्ज हैं, जिनमें हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदायों के नाम शामिल बताए गए हैं। इसी तरह, हरड़ फतेहपुर में मकान संख्या 540 में ठाकुर, ब्राह्मण और रूहेला जातियों के 48 मतदाता दर्ज पाए गए हैं।
कई इलाकों में एक पते पर असामान्य संख्या में मतदाता
कांग्रेस का दावा है कि कांधला के मोहल्ला खैल कलां में मकान संख्या 8-8-75 पर 600 मतदाता दर्ज हैं। वहीं, नई बस्ती कांधला देहात और रामनगर मजरा में एक ही स्थान पर 215 मतदाताओं के निवास का उल्लेख किया गया है। पार्टी के अनुसार, इससे पहले शामली, भैंसवाल और जलालाबाद में भी इसी तरह की अनियमितताएं सामने आ चुकी हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी से शिकायत
कांग्रेस के जिला संयोजक ज्ञानेंद्र सिंह राघव के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रभारी अधिकारी निर्वाचन कार्यालय के माध्यम से जिला निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मामले की शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया है कि थानाभवन विधानसभा क्षेत्र के कई वार्डों और गांवों में या तो मकान संख्या दर्ज नहीं है या फिर मकान संख्या ‘0’ दिखाकर मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं।
पार्टी का कहना है कि सोहंजनी उमरपुर क्षेत्र के कुछ पृष्ठों पर 21 मकानों की कोई संख्या दर्ज नहीं है, जबकि कई मतदाता मकान संख्या 0-00 या 0 के तहत सूचीबद्ध हैं। इसी तरह वार्ड हकीमान मुजाबरान, वकीलगढ़ और शाहविलायत उत्तरी में भी मकान संख्या शून्य दर्शाकर मतदाताओं का पंजीकरण पाया गया है।
अब तक 53 मतदाता सूचियों में त्रुटियों का दावा
कांग्रेस पदाधिकारियों के अनुसार, हालिया जांच में मोहल्ला कलंदरशाह में मकान संख्या 43 पर 32 मतदाता दर्ज मिले, जबकि मकान संख्या 116 में 114 मतदाता सूचीबद्ध पाए गए हैं, जिनमें अलग-अलग जातियों का उल्लेख किया गया है।
पार्टी का दावा है कि अब तक गांव कुड़ाना, भिक्का माजरा, गंगेरू, भैंसवाल, जलालाबाद, शामली और थानाभवन समेत कुल 53 मतदाता सूचियों में त्रुटियां पाई जा चुकी हैं। इन त्रुटियों में एक ही पते पर असामान्य संख्या में मतदाता, फोटो का अभाव और मकान संख्या शून्य दर्ज होना शामिल है।
Comments are closed.