अमेरिका में भीषण बर्फीला तूफान, कई राज्यों में आपातकाल, 13 हजार से ज्यादा उड़ानें रद्द

2

अमेरिका में शनिवार, 24 जनवरी को भीषण बर्फीले तूफान ने दस्तक दी, जिससे पूरे देश की यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो गई।

इस तूफान के कारण कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है और हालात सामान्य होने में कई दिन लग सकते हैं। अनुमान है कि इस तूफान का असर अमेरिका की करीब 40 फीसदी आबादी पर पड़ा है।

अमेरिकी मौसम विभाग (नेशनल वेदर सर्विस) ने चेतावनी दी है कि शनिवार से सोमवार तक दक्षिणी रॉकी पर्वत से लेकर न्यू इंग्लैंड तक भारी बर्फबारी, ओले और जमा देने वाली बारिश देखने को मिल सकती है। विभाग ने लोगों को कई दिनों तक कड़ाके की ठंड और खतरनाक मौसम परिस्थितियों के लिए तैयार रहने की सलाह दी है।

अमेरिका में बर्फीले तूफान का कहर

नेशनल वेदर सर्विस की मौसम विज्ञानी एलिसन सैंटोरली ने कहा, “बर्फ की मात्रा बहुत ज्यादा है। यह धीरे-धीरे पिघलेगी और जल्द खत्म नहीं होगी। इतनी भारी बर्फबारी के कारण राहत और बहाली कार्यों में भी गंभीर दिक्कतें आ सकती हैं।”

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार तक कम से कम एक दर्जन राज्यों में आपातकाल (इमरजेंसी) की घोषणा को मंजूरी दे दी है। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले समय में और राज्यों में भी इमरजेंसी घोषित की जा सकती है।

होमलैंड सिक्योरिटी सेक्रेटरी क्रिस्टी नोएम ने बताया कि फेडरल इमरजेंसी मैनेजमेंट एजेंसी (FEMA) ने पहले से ही कई प्रभावित राज्यों में राहत सामग्री, अतिरिक्त स्टाफ और सर्च एंड रेस्क्यू टीमों की तैनाती कर दी है।

US में बिजली आपूर्ति प्रभावित

मौसम विभाग के अनुसार, बर्फ से प्रभावित इलाकों में इस तूफान से होने वाला नुकसान किसी हरिकेन जितना गंभीर हो सकता है। भारी बर्फबारी और जमा देने वाली बारिश ने अमेरिका में जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है।

शनिवार को इस तूफान के चलते करीब 1.20 लाख स्थानों पर बिजली आपूर्ति बाधित होने की खबर सामने आई। इनमें टेक्सास और लुइसियाना में लगभग 50-50 हजार बिजली कटौती के मामले दर्ज किए गए।

Comments are closed.