अमेरिका की दोबारा कार्रवाई की चेतावनी: ट्रंप बोले, ईरान ने परमाणु कार्यक्रम फिर शुरू किया तो होगी बमबारी

2

ट्रंप की दोटूक चेतावनी: ईरान ने परमाणु गतिविधियां फिर शुरू कीं तो होगी कड़ी सैन्य कार्रवाई

इजरायल और ईरान के बीच 12 दिनों तक चले संघर्ष और हालिया संघर्षविराम के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तेहरान को स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है। शुक्रवार को वाइट हाउस में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ट्रंप ने कहा कि अगर खुफिया रिपोर्ट से यह पता चलता है कि ईरान यूरेनियम संवर्धन (एनरिचमेंट) की प्रक्रिया जारी रखे हुए है, तो अमेरिका फिर से सैन्य कार्रवाई करेगा।

ट्रंप से जब पूछा गया कि क्या वे ऐसी स्थिति में दोबारा बमबारी का आदेश देंगे, तो उन्होंने बिना किसी संकोच के कहा, “हां, बिल्कुल करूंगा, बिना कोई सवाल किए।”

राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान से अपील की कि वह अपने परमाणु कार्यक्रम को फिर से शुरू करने से बचे और अंतरराष्ट्रीय निरीक्षण के लिए अपने परमाणु ठिकानों के दरवाजे खोले। उन्होंने कहा कि अमेरिका इस बार पूरी तैयारी के साथ है और अगर जरूरत पड़ी तो फिर से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने यह भी दावा किया कि पिछले सप्ताह की अमेरिकी बमबारी में ईरान के प्रमुख परमाणु केंद्रों को तबाह कर दिया गया है। हालांकि, कुछ मीडिया रिपोर्टों में कहा गया था कि बमबारी से ईरान का परमाणु कार्यक्रम पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ, बल्कि अस्थायी रूप से बाधित हुआ है। ट्रंप ने इन रिपोर्टों को खारिज करते हुए कहा, “हमने उन्हें पूरी तरह खत्म कर दिया है।”

इसके साथ ही ट्रंप ने यह मांग भी दोहराई कि भविष्य की किसी भी परमाणु वार्ता से पहले अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) या अमेरिका द्वारा नामित किसी भरोसेमंद संस्था को ईरान के परमाणु स्थलों का पूर्ण निरीक्षण करने की अनुमति मिलनी चाहिए।

ईरान-इजरायल संघर्षविराम के बावजूद दोनों देशों के बीच बयानबाज़ी जारी है। हाल ही में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने युद्ध में “विजय” का दावा किया था, जिस पर ट्रंप ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “खामेनेई ईरान में एक सम्मानित धार्मिक नेता हैं, लेकिन उन्हें अपने लोगों को सच्चाई बतानी चाहिए। सच्चाई यह है कि इस संघर्ष में ईरान को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।”

ट्रंप ने यह भी स्वीकार किया कि संघर्ष में इजरायल को भी क्षति पहुंची है, लेकिन उन्होंने दोनों देशों से शांति के अवसर को अपनाने की अपील की। “अब वक्त है कि दोनों पक्ष आगे बढ़ें। नफरत बहुत हो चुकी,” ट्रंप ने कहा।

Comments are closed.