सिरसा गांव में दहेज के लिए विवाहिता को जिंदा जलाया, पति गिरफ्तार; ससुराल पक्ष के तीन लोग फरार।
ग्रेटर नोएडा के कासना कोतवाली क्षेत्र के सिरसा गांव में दहेज के लिए विवाहिता को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की दर्दनाक घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। 35 लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर आरोपी पति विपिन भाटी ने यह कदम उठाया। घटना के बाद गांव और सोशल मीडिया पर आक्रोश फैल गया है।
पुलिस ने मुख्य आरोपी पति विपिन को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि ससुराल पक्ष के अन्य आरोपी—जेठ रोहित, सास दया और ससुर सतवीर—अभी फरार हैं। पुलिस का कहना है कि सभी को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।
घटना का दर्दनाक मंजर
मृतका की बहन कंचन के अनुसार घटना से ठीक पहले घर में झगड़ा हुआ था, जिसका वीडियो भी उसके पास है। झगड़े के बाद जब वह कमरे की ओर गई तो निक्की आग की लपटों से घिरी सीढ़ियों से नीचे उतर रही थी और पति व सास से जीवन की भीख मांग रही थी। पड़ोसियों ने किसी तरह आग बुझाई और निक्की को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
परिवार का आरोप
निक्की के पिता भिखारी सिंह ने आरोप लगाया कि विपिन शराब का आदी था और कोई काम नहीं करता था। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष 35 लाख रुपये की अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहा था। कई बार पंचायत भी हुई, लेकिन हालात नहीं बदले। उन्होंने यह भी दावा किया कि विपिन के किसी लड़की से अवैध संबंध थे, जिसका एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
शादी और पारिवारिक हालात
भिखारी सिंह ने दिसंबर 2016 में अपनी दो बेटियों—कंचन और निक्की—की शादी सिरसा गांव में कराई थी। शादी में स्कॉर्पियो गाड़ी समेत काफी दान-दहेज दिया गया था, बावजूद इसके दोनों बेटियों को ससुराल पक्ष से लगातार प्रताड़ना झेलनी पड़ी।
वर्तमान में रूपबास गांव में निक्की के मायके पर मातम पसरा है। मां सदमे से बार-बार बेहोश हो रही हैं और पिता गुमसुम बैठे हैं। गांव और सोशल मीडिया पर लोग दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
Comments are closed.