राहुल गांधी के ‘वोट चोरी’ आरोप पर राज ठाकरे का समर्थन, बोले- 2016-17 में ही दी थी चेतावनी।
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) प्रमुख राज ठाकरे ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हालिया ‘वोट चोरी’ वाले बयान का समर्थन किया है। पुणे में पार्टी पदाधिकारियों की बैठक में उन्होंने कहा कि चुनावों में गड़बड़ी का मुद्दा नया नहीं है और इस पर वे साल 2016-17 से ही चेतावनी देते आ रहे हैं।
राज ठाकरे ने बताया कि उस समय उन्होंने शरद पवार, सोनिया गांधी और ममता बनर्जी से मुलाकात की थी और प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की थी, लेकिन विपक्ष ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। ठाकरे ने कहा, “मैंने तब सुझाव दिया था कि लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करो, ताकि यह मुद्दा वैश्विक स्तर पर उठे। लेकिन सभी पीछे हट गए। आज राहुल गांधी ने फिर वही मुद्दा उठाया है—लोग वोट डाल रहे हैं लेकिन वे उम्मीदवारों तक नहीं पहुंच रहे, वोट चोरी हो रहे हैं।”
उन्होंने आरोप लगाया कि 2014 से अब तक बनी सरकारें इसी चुनावी गड़बड़ी का फायदा उठाकर सत्ता में आई हैं। उदाहरण देते हुए ठाकरे ने कहा कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में बीजेपी को 132, एकनाथ शिंदे को 56 और अजित पवार को 42 सीटें मिली थीं, फिर भी जीतने वाले और हारने वाले, दोनों ही संतुष्ट नहीं थे।
MNS प्रमुख ने अपने कार्यकर्ताओं को आगाह किया कि आने वाले निकाय चुनावों में सतर्क रहना होगा और मतदाता सूची पर गहराई से काम करना होगा। उनका कहना था कि जब तक वोटर लिस्ट सही नहीं होगी, तब तक चुनाव में पारदर्शिता संभव नहीं है।
ठाकरे ने चुनाव आयोग पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आयोग ने राहुल गांधी से हलफनामा मांगा, जबकि बीजेपी के अनुराग ठाकुर ने भी 6 सीटों पर गड़बड़ी का आरोप लगाया था। “जब सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ही गड़बड़ी की बात कर रहे हैं, तब भी आयोग चुप है क्योंकि पिछले 10-12 साल का खेल खुल जाएगा,” ठाकरे ने आरोप लगाया।
Comments are closed.