सोनम रघुवंशी मर्डर केस: शिलांग में आज आमने-सामने होंगे सोनम और राज, रिमांड पर जारी पूछताछ में हो सकते हैं बड़े खुलासे

1

हनीमून के दौरान पति की हत्या कराने वाली सोनम रघुवंशी पहुंची शिलांग, ट्रांजिट रिमांड पर जारी पूछताछ।

विवाह जैसे पवित्र रिश्ते को शर्मसार करने वाली सनसनीखेज हत्या मामले में मुख्य आरोपित सोनम रघुवंशी को पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर लेकर शिलांग पहुंच चुकी है। यहां उससे हत्या की साजिश और वारदात में शामिल अन्य आरोपियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। सोनम को देर रात शिलांग के सदर थाने लाया गया और मेडिकल जांच के बाद पुलिस ने उसे घटनास्थल पर ले जाकर क्राइम सीन रीक्रिएशन की तैयारी शुरू कर दी है।

आज होगा सोनम और अन्य आरोपियों का आमना-सामना
बुधवार को सोनम समेत अन्य आरोपितों को स्थानीय कोर्ट में पेश किया जाएगा। इसके बाद पुलिस सभी को आमने-सामने बिठाकर पूछताछ करेगी और घटनास्थल पर लेकर जाकर पूरी वारदात की पुनरावृत्ति (क्राइम सीन रीक्रिएशन) कराएगी।

इंदौर में प्रेमी से मिली, फिर भेजी गई गाजीपुर
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि राजा रघुवंशी की हत्या के बाद सोनम ट्रेन से इंदौर लौटी और देवास नाका क्षेत्र में किराए के कमरे में ठहरी। वहां उसकी मुलाकात प्रेमी राज कुशवाहा से हुई। राज ने ही दो दिन बाद किराए की कार बुक कर सोनम को गाजीपुर के लिए रवाना किया।

पुलिस के सामने उगलने लगी राज़, वीडियो कॉल पर भिड़े सोनम-राज
पुलिस हिरासत में आते ही सोनम ने वारदात से जुड़ी कई अहम जानकारियां देना शुरू कर दी हैं। पूछताछ के दौरान जब पुलिस ने सोनम और राज का आमना-सामना वीडियो कॉल पर कराया, तो दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसी दौरान सोनम ने कबूल किया कि वह हत्या के बाद इंदौर में राज से मिली थी और पूरी वारदात साझा की थी।

आरोपियों की पिटाई के बाद मिला सुराग
पुलिस ने इंदौर में एक अन्य आरोपित विशाल उर्फ विक्की के घर से उसका मोबाइल बरामद करने की कोशिश की। फोन न मिलने पर पुलिस ने विक्की और राज की पिटाई कर दी। राज ने रोते हुए बताया कि फोन शायद सोनम के पास हो। इसके बाद डीएसपी ने सोनम से वीडियो कॉल पर बात की, जहां उसने इंदौर में राज से मिलने की बात स्वीकार की।

गाजीपुर भेजने से पहले सोनम के ठिकानों की जांच
सूत्रों के मुताबिक, सोनम 25 मई को सिलीगुड़ी के रास्ते इंदौर पहुंची थी और 27 मई तक देवास नाका क्षेत्र में रही। इसके बाद वह गाजीपुर रवाना हुई। पुलिस यह भी जांच रही है कि गाजीपुर पहुंचने तक सोनम कहां-कहां गई और किसने उसे मदद दी।

हत्या की भयावह साजिश
गौरतलब है कि सोनम और राजा रघुवंशी की शादी 11 मई को हुई थी। 20 मई को दोनों हनीमून पर शिलांग पहुंचे, जहां 23 मई को राजा की हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, हत्या सोनम और उसके प्रेमी राज कुशवाहा ने सुपारी देकर करवाई थी। तीन शूटरों की मदद से हत्या को अंजाम दिया गया।

शिलांग के एसपी विवेक सिम ने बताया कि सोनम से मिले बयान की तस्दीक की जा रही है और फरारी में उसकी मदद करने वालों की भी तलाश की जा रही है। जल्द ही और गिरफ्तारियां संभव हैं।

Comments are closed.