बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के प्रचार का आज आखिरी दिन है।
सभी राजनीतिक दलों ने मतदाताओं को रिझाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। पहले चरण की वोटिंग 6 नवंबर को होगी, ऐसे में आज का दिन बेहद अहम माना जा रहा है।
जेपी नड्डा की अहम बैठक आज
बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा आज शाम पार्टी मुख्यालय में महासचिवों के साथ एक महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठक करेंगे। इस बैठक में अब तक के चुनाव प्रचार की समीक्षा की जाएगी और दूसरे चरण की तैयारी पर चर्चा होगी। माना जा रहा है कि इसमें पार्टी की अगली रणनीति, प्रचार की दिशा और प्रमुख चुनावी मुद्दों पर महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा सकते हैं।
सभी दलों के नेताओं का जोरदार प्रचार
राजद, कांग्रेस, जेडीयू और एआईएमआईएम समेत तमाम दलों के दिग्गज नेता आज पूरे राज्य में रैलियों और रोड शो के जरिए जनता से समर्थन की अपील करेंगे। संवेदनशील इलाकों जैसे सिवान और रघुनाथपुर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। चुनाव आयोग की गाइडलाइंस के मुताबिक, शाम के बाद प्रचार पूरी तरह थम जाएगा और उम्मीदवार केवल डोर-टू-डोर संपर्क कर सकेंगे।
बीजेपी का पलटवार — “बिहार का विकास आईने की तरह साफ”
बीजेपी प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार में हुए विकास कार्य किसी से छिपे नहीं हैं। उन्होंने कांग्रेस पर झूठ फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि “कभी कहते हैं बिहार को सबकुछ मिल गया, और अब कहते हैं कुछ नहीं मिला — कांग्रेस की यही दोहरी नीति है।”
सीएम रेखा गुप्ता का बिहार दौरा
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता आज से बिहार में एनडीए के लिए चुनाव प्रचार की कमान संभालेंगी। वह तीन दिनों में 12 से अधिक जनसभाएं करेंगी और रोड शो में भी हिस्सा लेंगी। यह उनका बिहार का तीसरा चुनावी दौरा होगा। उनके साथ बीजेपी और सहयोगी दलों के वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे।
बिहार में पहले चरण की वोटिंग 6 नवंबर और दूसरे चरण की 11 नवंबर को होगी, जबकि नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। आज का दिन उम्मीदवारों के लिए निर्णायक साबित हो सकता है, क्योंकि यही आखिरी मौका है मतदाताओं तक अपनी बात पहुंचाने का।
Comments are closed.