15 अगस्त से पहले लाल किले की सुरक्षा में सेंध: पांच बांग्लादेशी घुसपैठिए गिरफ्तार, लापरवाही पर कई पुलिसकर्मी सस्पेंड
15 अगस्त से पहले लाल किले की सुरक्षा में बड़ी सेंध: पांच बांग्लादेशी गिरफ्तार, डमी बम टेस्ट में नाकामी पर 7 पुलिसकर्मी सस्पेंड
स्वतंत्रता दिवस से पहले देश की राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बड़ा अलर्ट सामने आया है। दिल्ली पुलिस ने लाल किला परिसर में जबरन घुसने की कोशिश कर रहे पांच बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। ये सभी अवैध रूप से भारत में रह रहे थे और दिल्ली में मजदूरी का काम कर रहे थे। गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है।
अवैध प्रवासी, संदिग्ध मंशा
दिल्ली पुलिस के अनुसार, 4 अगस्त को लाल किला परिसर के पास तैनात सुरक्षाकर्मियों को कुछ संदिग्ध गतिविधियों पर शक हुआ, जिसके बाद पांच युवकों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में पता चला कि ये सभी बांग्लादेशी नागरिक हैं, जिनकी उम्र 20 से 25 वर्ष के बीच है। इनके पास से बांग्लादेश के दस्तावेज भी बरामद हुए हैं। फिलहाल पुलिस यह जानने में जुटी है कि ये लोग लाल किले में क्यों घुसना चाहते थे और इनके पीछे कोई संगठित साजिश तो नहीं है।
सुरक्षा ड्रिल में फेल हुई पुलिस, 7 जवान सस्पेंड
इसी बीच, सुरक्षा व्यवस्था की हकीकत जांचने के लिए एक रूटीन सिक्योरिटी ड्रिल के दौरान एक और गंभीर चूक सामने आई है। स्पेशल सेल की एक टीम सिविल ड्रेस में लाल किला परिसर में घुसी और अपने बैग में एक डमी बम रखकर सुरक्षा जांच को पार कर गई। हैरानी की बात यह है कि किसी भी पुलिसकर्मी को इस संदिग्ध बैग पर शक नहीं हुआ।
जैसे ही यह चूक सामने आई, वरिष्ठ अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले सात पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।
हाई अलर्ट पर लाल किला
15 अगस्त को प्रधानमंत्री लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित करते हैं। इसे देखते हुए परिसर में हर साल अगस्त की शुरुआत से ही बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी जाती है। इस दौरान न केवल दिल्ली पुलिस और पैरा मिलिट्री बलों की तैनाती होती है, बल्कि इंटेलिजेंस और स्पेशल सेल की टीमें भी अलर्ट पर रहती हैं।
बांग्लादेशी युवकों की गिरफ्तारी और सुरक्षा जांच में चूक ने यह साफ कर दिया है कि आतंरिक सुरक्षा को लेकर अभी भी कई कमज़ोरियां मौजूद हैं, जिन पर तत्काल सख्त कार्रवाई और सुधार की ज़रूरत है।
Comments are closed.