चक्रवात दितवाह के बाद श्रीलंका में फंसे 200 से अधिक भारतीय नागरिकों को भारतीय वायुसेना (IAF) ने सुरक्षित रूप से निकालकर रविवार शाम तिरुवनंतपुरम पहुंचाया।
IAF प्रवक्ता के अनुसार, कोलंबो से उड़ान भरने वाला वायुसेना का विमान शाम 7:30 बजे भारत पहुंचा, जबकि C-130J एयरक्राफ्ट से रात 11 बजे तक 135 और लोगों के तिरुवनंतपुरम पहुंचने की उम्मीद है।
किस एयरक्राफ्ट का हुआ इस्तेमाल?
प्रवक्ता ने बताया कि IL-76 और C-130J हेवी-लिफ्ट एयरक्राफ्ट, जिनका पहले रेस्क्यू सामग्री और NDRF टीमों को श्रीलंका भेजने में उपयोग किया गया था, अब इन्हीं विमानों के जरिए फंसे यात्रियों को वापस लाया जा रहा है।
श्रीलंका को भारत की मदद जारी
‘ऑपरेशन सागर बंधु’ के तहत भारत श्रीलंका को मानवीय सहायता और आपदा राहत (HADR) प्रदान कर रहा है। हालिया प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित क्षेत्रों में वायुसेना लगातार राहत मिशन चला रही है। वायुसेना के हेलीकॉप्टर अब तक 57 श्रीलंकाई सैनिकों को दियाथलावा आर्मी कैंप और कोलंबो से कोटमाले तक पहुंचा चुके हैं—कोटमाले एक भूस्खलन-प्रभावित इलाका है, जो सड़क मार्ग से पूरी तरह कट चुका है।
भारतीय वायुसेना का रेस्क्यू मॉडल
IAF ने एक हाइब्रिड रेस्क्यू मिशन संचालित किया, जिसमें गरुड़ कमांडो को प्रभावित क्षेत्रों में उतारा गया और वे फंसे लोगों को सुरक्षित लैंडिंग साइट तक लेकर आए। इसके बाद हेलीकॉप्टरों ने उन्हें वहां से आगे कोलंबो तक पहुंचाया। अब तक, भारतीय, विदेशी और स्थानीय नागरिकों सहित 55 लोगों को सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर कोलंबो पहुंचाया गया है। दो भारतीय हेलीकॉप्टर इस अभियान के तहत 12 से अधिक उड़ानें भर चुके हैं।
Comments are closed.