सीमा विवाद पर सुलह: कंबोडिया-थाईलैंड में सीजफायर, ट्रंप की कूटनीति ने निभाई भूमिका

4

कंबोडिया-थाईलैंड के बीच संघर्षविराम पर सहमति, ट्रंप की मध्यस्थता लाई असर

कंबोडिया और थाईलैंड के बीच चल रहे सीमा विवाद पर अब हालात सामान्य होने की उम्मीद है। दोनों देशों के बीच सीजफायर पर सहमति बन गई है। कंबोडिया के प्रधानमंत्री कार्यालय ने रविवार को जानकारी दी कि थाईलैंड ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के युद्धविराम अनुरोध को स्वीकार कर लिया है।

गौरतलब है कि गुरुवार को सीमा पर झड़पें शुरू हुई थीं, जिसमें दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर अंतरराष्ट्रीय कानूनों के उल्लंघन का आरोप लगाया था। इसके बाद तनाव तेजी से बढ़ा।

ट्रंप की कूटनीतिक पहल

राष्ट्रपति ट्रंप ने शनिवार को बताया कि उन्होंने कंबोडिया के प्रधानमंत्री हुन मानेट और थाईलैंड के कार्यवाहक प्रधानमंत्री फुमथम वेचायाचाई से सीधे बातचीत की। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं ने युद्ध रोकने और शांति स्थापना की दिशा में सहमति जताई है।

ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा, “कंबोडिया की तरह थाईलैंड भी तत्काल युद्धविराम चाहता है। बातचीत सकारात्मक रही।”

कंबोडिया ने भी पुष्टि की है कि वह दोनों सेनाओं के बीच बिना शर्त और तत्काल संघर्षविराम के लिए तैयार है। प्रधानमंत्री मानेट ने इस बारे में मलेशियाई प्रधानमंत्री और आसियान अध्यक्ष अनवर इब्राहिम को भी पहले ही सूचित कर दिया था।

सीमा पर तनाव अब भी बरकरार

हालांकि, थाई सेना के मुताबिक रविवार सुबह तक सीमा पर गोलीबारी जारी थी। थाईलैंड की राष्ट्रीय प्रसारण सेवा के अनुसार, स्थानीय समयानुसार सुबह 6:40 बजे कंबोडिया की ओर से दागा गया एक गोला सुरिन प्रांत में एक घर पर गिरा। सुबह 7 बजे तक भारी हथियारों की आवाजें भी सुनी गईं।

इसके बावजूद, दोनों पक्षों के बीच हुई बातचीत को संघर्षविराम की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति माना जा रहा है।

Comments are closed.