दिल्ली-NCR में साफ मौसम, नॉर्थ ईस्ट में आज भी बारिश-आंधी का अलर्ट; बिहार-UP में 8 की मौत

0

पश्चिमी विक्षोभ के असर से मार्च में मौसम ने अचानक करवट ले ली है, जिससे देश के कई हिस्सों में अलग-अलग हालात देखने को मिल रहे हैं।

रविवार को दिल्ली-एनसीआर में जहां मौसम साफ और सुहावना बना हुआ है, वहीं पूर्वोत्तर भारत और पूर्वी राज्यों में आज भी आंधी और बारिश के आसार बने हुए हैं।

इस बीच, बिहार और उत्तर प्रदेश में शनिवार को खराब मौसम ने भारी तबाही मचाई। तेज आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली गिरने से बिहार में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि उत्तर प्रदेश में 2 लोगों की जान चली गई। इस बेमौसम बारिश ने गेहूं, सरसों और मक्का जैसी फसलों को भी बड़ा नुकसान पहुंचाया है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में आने वाले दिनों में मौसम राहत भरा बना रहेगा। पूरे सप्ताह बादलों की आवाजाही जारी रहेगी और तापमान सामान्य से नीचे रहने की संभावना है। 23 मार्च को एक बार फिर हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।

राजधानी में बीते दिनों तापमान में उतार-चढ़ाव देखा गया है। हाल के दिनों में अधिकतम तापमान 27 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 14 से 17 डिग्री के आसपास बना हुआ है। आने वाले दिनों में भी तापमान इसी दायरे में रहने का अनुमान है।

चार जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें 60 किमी/घंटा तक की रफ्तार से हवाएं चलने और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है. बाकी 21 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. अगले 48 घंटों में तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की उम्मीद है.

मौसम साफ रहने और हालिया बारिश के चलते दिल्ली-एनसीआर की हवा में भी सुधार दर्ज किया गया है। कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) ग्रीन और मॉडरेट श्रेणी में पहुंच गया है, जिससे लोगों को प्रदूषण से राहत मिली है।

दूसरी ओर, बिहार में शुक्रवार से जारी खराब मौसम का असर अभी भी बना हुआ है। पटना, बगहा, बेतिया, गोपालगंज, रक्सौल और खगड़िया समेत कई जिलों में तेज बारिश, ओलावृष्टि और आंधी ने जनजीवन प्रभावित किया। कई जगहों पर जलभराव की स्थिति पैदा हो गई, जबकि बिजली गिरने से जान-माल का नुकसान हुआ।

गया, जमुई और अररिया जैसे जिलों में अलग-अलग घटनाओं में लोगों की मौत हुई, वहीं कई लोग घायल भी हुए। कुछ इलाकों में दीवार गिरने और पेड़ों पर बिजली गिरने से आग लगने की घटनाएं भी सामने आई हैं।

मौसम के इस बदले मिजाज का सबसे ज्यादा असर खेती पर पड़ा है। तेज हवाओं और बारिश के कारण खेतों में खड़ी और कटी फसलें बर्बाद हो गई हैं, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

मौसम विभाग ने बिहार के कई जिलों में अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी है। फिलहाल, आने वाले कुछ दिनों तक मौसम का यह अस्थिर रुख जारी रहने की संभावना है।

Comments are closed.