मकर संक्रांति पर दिल्ली-NCR में बढ़ी ठंड, तापमान में गिरावट, अगले दो दिन मौसम रहेगा भारी

1

लोहड़ी के बाद मकर संक्रांति पर दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने लोगों को खासा परेशान किया।

दिल्ली और नोएडा में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे सुबह और रात के समय कंपकंपाने वाली ठंड महसूस की गई। ठंडी हवाओं के चलते सर्दी का असर और तेज हो गया।

भारत मौसम विभाग (IMD) ने पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, झारखंड और ओडिशा में अगले दो से तीन दिनों के दौरान भयंकर से अत्यधिक शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है। उत्तर-पश्चिम भारत में अगले एक सप्ताह तक, बिहार में पांच दिन और ओडिशा में आगामी दो से तीन दिनों तक घने कोहरे का असर बने रहने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में अगले दो दिनों के लिए शीत दिवस का अलर्ट भी जारी किया गया है।

दिल्ली-एनसीआर में कब मिलेगी राहत?

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में 15 जनवरी के बाद मौसम में धीरे-धीरे सुधार देखने को मिल सकता है। अगले पांच से छह दिनों में न्यूनतम तापमान बढ़कर 5 से 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। फिलहाल दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में न्यूनतम तापमान 3 से 4 डिग्री के आसपास बना हुआ है। उत्तराखंड में पाला पड़ने की चेतावनी भी जारी की गई है।

पहाड़ों से मैदानी इलाकों तक ठंड का असर

जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगिट-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री से नीचे दर्ज किया गया है। वहीं दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश में कई जगहों पर तापमान 1 से 5 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। गुरुग्राम में 13 जनवरी को न्यूनतम तापमान माइनस 0.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

घना कोहरा और शीतलहर का अलर्ट

उत्तर भारत के कई हिस्सों—जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश—में घना कोहरा छाया हुआ है। पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और राजस्थान में शीतलहर, जबकि उत्तर प्रदेश और पश्चिमी राजस्थान में अत्यधिक शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है।

उत्तराखंड से पंजाब तक ठिठुरन

उत्तराखंड में पाला गिरने से हालात और बिगड़ गए हैं। 13 और 14 जनवरी को राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में कोल्ड डे की स्थिति बनी रही। वहीं पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 14 और 15 जनवरी को भी शीतलहर के चलते हाड़ कंपाने वाली ठंड जारी रहने की संभावना है। अमृतसर, गुरदासपुर और सीमावर्ती क्षेत्रों में सर्दी का असर ज्यादा देखा जा रहा है।

उत्तर प्रदेश में कोहरा और शीतलहर जारी

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक घना से अत्यधिक घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है। बरेली, गाजियाबाद और सहारनपुर में शून्य दृश्यता दर्ज की गई है। वेस्ट यूपी में शीतलहर का असर जारी रहेगा। बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर में तापमान 2 से 4 डिग्री के बीच बना हुआ है, जबकि गाजियाबाद, नोएडा, मेरठ और हापुड़ में न्यूनतम तापमान 4 से 5 डिग्री दर्ज किया गया।

Comments are closed.