स्पा सेंटर की आड़ में चल रहा था अवैध धंधा, मेरठ पुलिस की कार्रवाई में 20 महिलाएं हिरासत में

4

मेरठ में स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार चलाए जाने का मामला सामने आया है।

पुलिस ने सुनियोजित कार्रवाई करते हुए एक साथ चार स्पा सेंटरों पर छापा मारकर 20 महिलाओं को हिरासत में लिया है। हिरासत में ली गई महिलाओं में स्पा सेंटरों की संचालिकाएं भी शामिल हैं। पुलिस ने एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया है।

कैसे हुआ खुलासा?

मेरठ पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि शहर के कुछ स्पा सेंटरों में अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह के निर्देश पर सीओ सिविल लाइंस के नेतृत्व में कई टीमें गठित की गईं। गुप्त रूप से रेकी कराई गई, जिसके बाद मुखबिर से मिली सूचना की पुष्टि हुई और एक साथ कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

किन स्पा सेंटरों पर हुई कार्रवाई?

पुलिस ने नंदिनी प्लाजा स्थित मेरठ स्किन सॉल्यूशन, मंगल पांडे नगर के ए-वन फैब स्टूडियो फैमिली सैलून, रोज वाटर विला सेंटर और दिल्ली रोड स्थित युवा फैमिली सैलून यूनिसेक्स पर छापा मारा। इन सभी स्थानों से कुल 20 महिलाओं को हिरासत में लिया गया, जिनमें चार सेंटरों की संचालिकाएं शामिल हैं।

पुलिस को क्या मिला?

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक सामग्री, रजिस्टर और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मोबाइल फोन की जांच में अश्लील वीडियो क्लिप मिलने की बात सामने आई है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ग्राहकों को सोशल मीडिया और व्हाट्सएप के जरिए संपर्क कर बुलाया जाता था।

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

मेरठ में इससे पहले भी स्पा सेंटरों की आड़ में चल रहे देह व्यापार के नेटवर्क का खुलासा हो चुका है। बार-बार कार्रवाई के बावजूद इस तरह की गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाना पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बना हुआ है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

Comments are closed.