PNB घोटाला: नीरव मोदी के भाइयों को कोर्ट का नोटिस, FEO घोषित होने का खतरा

0

PNB घोटाला: नीरव मोदी के भाइयों को कोर्ट का नोटिस, ‘फरार आर्थिक अपराधी’ घोषित करने की प्रक्रिया शुरू

पंजाब नेशनल बैंक (PNB) घोटाले के मामले में भगोड़े हीरा कारोबारी नीरव मोदी के दो भाइयों निहाल मोदी और नेशाल मोदी को विशेष अदालत ने नोटिस जारी किया है। अदालत ने दोनों से पूछा है कि उन्हें इस मामले में आधिकारिक रूप से ‘फरार आर्थिक अपराधी’ (FEO) क्यों न घोषित किया जाए।

यह नोटिस विशेष अदालत के न्यायाधीश एवी गुजराती ने जारी किए हैं, जो प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत मामलों की सुनवाई कर रहे हैं। यह कार्रवाई प्रवर्तन निदेशालय (ED) की उस याचिका पर की गई है, जिसमें दोनों को फरार आर्थिक अपराधी घोषित करने की मांग की गई है।

अदालत ने नीरव मोदी की कंपनी से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों आदित्य ननवती और संदीप मिस्त्री को भी इसी तरह के नोटिस जारी किए हैं। ये दोनों भी FEO घोषित किए जाने की कार्यवाही का सामना कर रहे हैं।

सभी को 7 मई तक अदालत में अपना जवाब दाखिल करने के लिए कहा गया है। यदि किसी व्यक्ति को फरार आर्थिक अपराधी घोषित कर दिया जाता है, तो उसकी संपत्तियों को जब्त या अटैच किया जा सकता है।

ईडी का आरोप है कि निहाल मोदी ने फर्जी कंपनियों और विदेशी लेनदेन के जरिए नीरव मोदी को बड़ी मात्रा में धन ट्रांसफर करने और उसे छिपाने में मदद की। वहीं एजेंसी की चार्जशीट के मुताबिक नेशाल मोदी ने डमी पार्टनर नियुक्त करने में भूमिका निभाई और 2011 से 2013 के बीच दुबई स्थित कुछ शेल कंपनियों में हस्ताक्षरकर्ता या लाभार्थी रहे।

ईडी के अनुसार निहाल मोदी को 2025 में अमेरिका में गिरफ्तार किया गया था और फिलहाल वह ईडी तथा सीबीआई द्वारा शुरू की गई प्रत्यर्पण (एक्स्ट्राडिशन) प्रक्रिया का सामना कर रहे हैं।

Comments are closed.