नेपाल चुनाव: वोटों की गिनती जारी, Gen-Z के हीरो बालेन शाह ने केपी ओली को पीछे छोड़ा

2

नेपाल चुनाव: मतगणना जारी, शुरुआती रुझानों में बालेन शाह की पार्टी सबसे आगे

नेपाल में आम चुनाव के लिए डाले गए वोटों की गिनती जारी है। नेपाल के चुनाव आयोग ने कहा है कि मतगणना शुरू होने के 24 घंटे के भीतर प्रत्यक्ष निर्वाचन प्रणाली (FPTP) की 165 सीटों के नतीजे जारी करने की कोशिश की जाएगी। हालांकि आयोग के मुताबिक पहाड़ी इलाकों से मतपेटियों को मतगणना केंद्रों तक पहुंचाने में समय लगता है, इसलिए कुछ सीटों के परिणाम बाद में घोषित किए जाएंगे।

5 मार्च को हुए चुनाव में करीब 60 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इस चुनाव में 65 राजनीतिक दलों के 3,400 से अधिक उम्मीदवार मैदान में हैं।

शुरुआती रुझानों में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी आगे

वोटों की गिनती के शुरुआती रुझानों में रैपर से राजनेता बने बालेन शाह की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) बढ़त बनाए हुए है। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक आरएसपी करीब 41 सीटों पर आगे चल रही है।

दूसरे स्थान पर नेपाली कांग्रेस लगभग 4 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। वहीं पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली की कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल (CPN-UML) 2 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि श्रम शक्ति पार्टी एक सीट पर बढ़त में है।

झापा-5 सीट पर बालेन शाह आगे

झापा निर्वाचन क्षेत्र संख्या-5 से भी शुरुआती मतगणना में बालेन शाह बढ़त बनाए हुए हैं। कमल ग्रामीण नगरपालिका के बसबारी स्कूल और गौरादहा ग्रामीण नगरपालिका के मोती स्कूल मतदान केंद्रों के लगभग 1,400 वोटों की गिनती में शाह को 814 वोट मिले हैं।

वहीं, सीपीएन-यूएमएल के उम्मीदवार और पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली 384 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर चल रहे हैं।

शाह की पार्टी को मिल रही बढ़त

कुल मिलाकर शुरुआती रुझानों में Gen-Z के बीच लोकप्रिय बालेन शाह की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी अन्य दलों से काफी आगे नजर आ रही है। यदि यह बढ़त बरकरार रहती है, तो पार्टी सरकार बनाने की दौड़ में सबसे आगे रह सकती है।

Comments are closed.