अमेरिकी वायुसेना के प्रमुख क्लाउड सिस्टम पर साइबर हमला, हैकर्स ने सुरक्षा में लगाई सेंध

1

अमेरिकी वायुसेना के क्लाउड नेटवर्क में बड़ी सेंध, हैकर्स की पहुंच से संवेदनशील सैन्य डेटा पर खतरा

अमेरिका में साइबर हमलों का सिलसिला जारी है। अब हैकर्स ने अमेरिकी वायुसेना के प्रमुख क्लाउड कंप्यूटिंग प्लेटफॉर्म ‘क्लाउड वन’ की सुरक्षा में सेंध लगा दी है। समाचार एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, तीन सूत्रों ने इस साइबर घुसपैठ की जानकारी दी है। इस घटना के बाद अमेरिकी सैन्य तंत्र से जुड़े रणनीतिक, कर्मचारियों और लॉजिस्टिक्स संबंधी संवेदनशील डेटा की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

सूत्रों के मुताबिक, करीब एक महीने पहले सिस्टम को अपग्रेड करने की प्रक्रिया के दौरान इस घुसपैठ का पता चला। इसके बाद प्लेटफॉर्म के कई कार्यों में बाधा आई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तत्काल कदम उठाए गए। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हमले के पीछे कौन सा हैकर समूह था, उसे सिस्टम के कितने हिस्सों तक पहुंच मिली और क्या कोई महत्वपूर्ण डेटा चोरी हुआ है।

अमेरिकी वायुसेना ने रॉयटर्स को दिए जवाब में कहा कि वह अपने नेटवर्क और सिस्टम की सुरक्षा से जुड़ी विशिष्ट जानकारियां सार्वजनिक नहीं करती। विभाग ने कहा कि सैन्य सूचनाओं, तकनीकी प्रणालियों और मिशन से जुड़ी क्षमताओं की सुरक्षा के लिए लगातार उपाय किए जाते हैं।

क्या है अमेरिकी वायुसेना का क्लाउड वन?

क्लाउड वन की शुरुआत 2017 में अमेरिकी वायुसेना की सूचना प्रौद्योगिकी जरूरतों को एकीकृत करने के उद्देश्य से की गई थी। यह सैन्य विभाग के प्रमुख क्लाउड प्लेटफॉर्म में शामिल है। इसमें माइक्रोसॉफ्ट, अमेजन, ओरेकल और अल्फाबेट जैसी बड़ी टेक कंपनियों की क्लाउड सेवाओं का इस्तेमाल होता है।

इस प्लेटफॉर्म पर कर्मचारियों के रिकॉर्ड, वेतन, सैन्य लॉजिस्टिक्स और उपकरणों के रखरखाव से जुड़े कई एप्लिकेशन संचालित होते हैं।

इसके अलावा, क्लाउड वन पर वायुसेना का क्लाउड आधारित कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम भी मौजूद है। यह उत्तरी अमेरिका के एयर डिफेंस रडार और अन्य स्रोतों से डेटा जुटाता है। वहीं, थिएटर इंटीग्रेटेड कॉम्बैट म्यूनिशंस सिस्टम दुनिया भर के 200 से अधिक स्थानों पर बम और मिसाइलों की निगरानी करता है।

साइबर हमले के बाद कई सेवाओं पर लगा ब्रेक

साइबर घुसपैठ का पता चलने के बाद क्लाउड वन की कई सेवाओं पर प्रतिबंध लगाए गए। सूत्रों के अनुसार, सुरक्षा कारणों से कुछ महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं।

  • बैक-ऑफिस एप्लिकेशन को क्लाउड वन पर स्थानांतरित करने की प्रक्रिया रोक दी गई।
  • पहले से संचालित एप्लिकेशन के नए अपडेट पर रोक लगाई गई।
  • कुछ यूजर्स के एडमिनिस्ट्रेटर अधिकार वापस ले लिए गए।
  • सिस्टम की सुरक्षा और संभावित नुकसान का आकलन शुरू किया गया।

एक सूत्र के मुताबिक, हैकर्स ने सॉफ्टवेयर की कमजोरी का फायदा उठाकर सिस्टम के कंट्रोल प्लेन तक पहुंच बनाई। यह प्लेटफॉर्म के विभिन्न संसाधनों और सेवाओं को नियंत्रित करने वाला महत्वपूर्ण हिस्सा है।

सूत्र ने इसकी तुलना एक ऐसे यूनिवर्सल रिमोट से की, जिसके जरिए सैद्धांतिक रूप से विमानों की स्थिति और सैन्य स्पेयर पार्ट्स की आवाजाही जैसी जानकारियां हासिल की जा सकती हैं। हालांकि, अभी इसका कोई प्रमाण नहीं मिला है कि हैकर्स ने वास्तव में ऐसी सूचनाओं तक पहुंच बनाई थी।

जांच में जुटी अमेरिकी साइबर कमांड

घटना की गंभीरता को देखते हुए जांच के लिए अमेरिकी सैन्य साइबर कमांड को भी शामिल किया गया है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि हैकर्स ने किस तकनीकी कमजोरी का इस्तेमाल किया और क्या उन्होंने संवेदनशील सैन्य सूचनाओं तक पहुंच बनाई।

यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब अमेरिका के कई प्रमुख सरकारी विभाग साइबर हमलों और डिजिटल सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। इससे पहले FBI, पेंटागन, होमलैंड सिक्योरिटी और ट्रेजरी विभाग से जुड़े साइबर सुरक्षा मामलों ने भी अमेरिकी प्रशासन की चिंता बढ़ाई थी।

Comments are closed.