मणिपुर के इंफाल के पास असम राइफल्स पर हमला, 2 जवान शहीद, 5 घायल
मणिपुर की राजधानी इंफाल के बाहरी इलाके में शनिवार शाम अज्ञात बंदूकधारियों ने असम राइफल्स की एक टुकड़ी पर घात लगाकर हमला कर दिया। इस हमले में दो जवान शहीद हो गए, जबकि पांच अन्य घायल हो गए।
हमला राष्ट्रीय राजमार्ग-2 पर नाम्बोल सबल लेईकाई इलाके में हुआ, जो इंफाल हवाई अड्डे से करीब आठ किलोमीटर दूर है। अज्ञात हमलावरों ने स्वचालित हथियारों से असम राइफल्स के 407 टाटा वाहन को निशाना बनाया। शहीदों की पहचान 33 असम राइफल्स के नायब सूबेदार श्याम गुरुंग (58) और राइफलमैन रंजीत सिंह कश्यप (29) के रूप में हुई है।
घायलों को तुरंत इंफाल स्थित क्षेत्रीय आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS) में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। हमले के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। मणिपुर पुलिस और असम राइफल्स संयुक्त रूप से छापेमारी कर रही हैं। अब तक किसी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
असम राइफल्स के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल विकास लखेरा ने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
मणिपुर के पूर्व मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की और घटना की कड़ी निंदा की। उन्होंने केंद्र से अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की मांग की। वहीं, राज्यपाल अजय कुमार भल्ला ने कहा कि हिंसक घटनाओं को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
रक्षा मंत्रालय ने भी बयान जारी कर कहा कि जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा और हमलावरों को जल्द ही पकड़ा जाएगा।
गृह मंत्रालय के अनुसार, मणिपुर में कई प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन सक्रिय हैं, जो अतीत में भी असम राइफल्स पर हमले कर चुके हैं। नवंबर 2021 में चुराचांदपुर जिले में घात लगाकर हुए हमले में कर्नल विप्लव त्रिपाठी, उनकी पत्नी और बेटे की हत्या कर दी गई थी।
Comments are closed.