मार्च की शुरुआत में ही तपने लगी दिल्ली, 15 साल का रिकॉर्ड टूटा
राजधानी दिल्ली का मौसम तेजी से बदल गया है। अभी तक सुबह-शाम हल्की ठंडक का एहसास कराने वाला मौसम अचानक गर्म हो गया है। पिछले दो दिनों में तापमान में तेज बढ़ोतरी के साथ गर्मी का असर साफ महसूस होने लगा है। घरों और दफ्तरों में पंखे चलने लगे हैं, वहीं लोगों को कार में एसी भी चलाना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि मार्च के पहले हफ्ते में ही दिल्ली की गर्मी ने पिछले 15 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
गुरुवार को साफ आसमान और तेज धूप के बीच दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 6.9 डिग्री ज्यादा 34.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आंकड़ों के अनुसार 2011 से 2025 के बीच 10 मार्च से पहले अधिकतम तापमान कभी भी 34 डिग्री के पार नहीं गया था। केवल 2021 में 8 मार्च को तापमान 34 डिग्री तक पहुंचा था।
वहीं गुरुवार को न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 4.8 डिग्री ज्यादा 18.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह इस साल ही नहीं बल्कि 10 मार्च से पहले पिछले पांच वर्षों का भी सबसे अधिक न्यूनतम तापमान है। इससे पहले 2021 में 8 मार्च को यह 18.9 डिग्री दर्ज किया गया था। इस दौरान हवा में नमी का स्तर 81 से 28 प्रतिशत के बीच रहा।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस साल गर्मी तेजी से बढ़ने की मुख्य वजह मजबूत पश्चिमी विक्षोभों की कमी है। फरवरी में लगभग बारिश नहीं हुई और मार्च भी अब तक सूखा ही रहा है। अगले एक सप्ताह तक भी किसी बड़े पश्चिमी विक्षोभ या बारिश की संभावना नहीं दिख रही। साफ आसमान के कारण सूरज की किरणें सीधे धरती पर पड़ रही हैं, जिससे तापमान तेजी से बढ़ रहा है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 12 मार्च तक मौसम लगभग ऐसा ही रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री के आसपास पहुंच सकता है।
हालांकि बढ़ती गर्मी के बीच दिल्ली की हवा में कुछ सुधार देखने को मिला है। गुरुवार को राजधानी का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 142 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में है और इस साल का अब तक का सबसे कम AQI भी है। फिलहाल इसमें बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है।
गर्मी के बीच मनाई गई होली
दिल्ली में बुधवार को होली का त्योहार भी तेज धूप और गर्मी के बीच मनाया गया। हालांकि उस दिन कोई तापमान रिकॉर्ड नहीं टूटा। अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री और न्यूनतम 15.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
Comments are closed.