कनाडा में अल्बर्टा सरकार की मांग: लॉरेंस बिश्नोई गैंग को आतंकी संगठन घोषित किया जाए

5

कनाडा में बढ़ा दबाव: अल्बर्टा सरकार ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग को आतंकी संगठन घोषित करने की मांग की

कनाडा के अल्बर्टा प्रांत में लॉरेंस बिश्नोई गैंग को आतंकवादी संगठन घोषित करने की मांग जोर पकड़ती जा रही है। प्रांतीय सरकार ने इस गिरोह की अंतरराष्ट्रीय आपराधिक गतिविधियों और कनाडा में इसके बढ़ते खतरे को देखते हुए यह अपील की है।

हिंसा, उगाही और टारगेट किलिंग का आरोप
अल्बर्टा की प्रीमियर डेनियल स्मिथ और पब्लिक सेफ्टी मंत्री माइक एलिस ने संयुक्त बयान में कहा कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग एक “ट्रांसनेशनल क्रिमिनल नेटवर्क” बन चुका है, जो कनाडा और अन्य देशों में उगाही, ड्रग तस्करी, संगठित हिंसा और टारगेट किलिंग जैसे अपराधों में लिप्त है।

“यहां आपका स्वागत नहीं” — अल्बर्टा सरकार
बयान में कहा गया कि इस गैंग की गतिविधियां सीमाओं को नहीं मानतीं और इसका प्रभाव दक्षिण एशियाई समुदाय पर सबसे अधिक देखा गया है। स्मिथ और एलिस ने सख्त शब्दों में कहा, “अल्बर्टा इस नेटवर्क को स्पष्ट संदेश देना चाहता है — यहां आपका स्वागत नहीं है।”

ब्रिटिश कोलंबिया से भी उठ चुकी है आवाज
इससे पहले ब्रिटिश कोलंबिया के प्रीमियर डेविड एबी भी बिश्नोई गैंग को आतंकवादी संगठन घोषित करने की मांग कर चुके हैं। उन्होंने कहा था कि कनाडा में गोलीबारी, धमकियों और आगजनी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जो बिश्नोई गैंग से जुड़ी हो सकती हैं। ये घटनाएं सिर्फ ब्रिटिश कोलंबिया में नहीं, बल्कि एडमॉन्टन और ब्रैम्पटन जैसे शहरों में भी देखी गई हैं।

दक्षिण एशियाई समुदाय को निशाना
बयान में कहा गया कि लॉरेंस बिश्नोई गिरोह खासकर कनाडा के दक्षिण एशियाई समुदाय के व्यापारियों और नागरिकों को निशाना बना रहा है, जिससे डर और असुरक्षा का माहौल बन रहा है।

प्रधानमंत्री से कार्रवाई की मांग
अल्बर्टा सरकार ने कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी से आग्रह किया है कि वह इस विषय पर तत्काल हस्तक्षेप करें और लॉरेंस बिश्नोई गैंग को आतंकवादी संगठन घोषित करने की प्रक्रिया शुरू करें। उन्होंने कहा, “अब वक्त आ गया है कि संघीय सरकार निर्णायक कार्रवाई करे और सभी कनाडाई नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करे।”

Comments are closed.