उत्तर प्रदेश, दिल्ली से लेकर पंजाब और हरियाणा तक शनिवार को एक बार फिर भीषण कोहरे ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। एक दिन की राहत के बाद सुबह से ही सड़कों पर घुप्प अंधेरा छाया रहा और विजिबिलिटी बेहद कम हो गई।
मौसम विभाग ने दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद समेत एनसीआर में अगले छह दिनों तक घने से अत्यधिक कोहरे की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के पश्चिमी यूपी और पूर्वांचल के कई जिलों में भी घना कोहरा छाया रहेगा। गोरखपुर, वाराणसी, कुशीनगर, बहराइच, बलिया समेत कई इलाकों में कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि दिल्ली में फिलहाल तापमान में बड़ी गिरावट की संभावना नहीं है। राजधानी में 19 से 25 दिसंबर के बीच न्यूनतम तापमान 8 से 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
दिल्ली में 19 दिसंबर को कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 20 दिसंबर को घने से अत्यधिक कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट रहेगा। मौसम विभाग ने बताया कि 20 दिसंबर को बिहार, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और उत्तराखंड में घना कोहरा छाने की संभावना है। कई इलाकों में बादल भी बने रह सकते हैं।
21 दिसंबर को उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तरी मध्य प्रदेश और बिहार में ऐसे ही हालात बने रहने की चेतावनी है। वहीं, पूर्वांचल में 22 दिसंबर को कोहरे का असर रहेगा। पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 24 और 25 दिसंबर को अत्यधिक घने कोहरे का अनुमान जताया गया है।
यूपी में घना कोहरा और शीत लहर
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश के बरेली, अलीगढ़, मुरादाबाद, आगरा, मेरठ समेत कई जिलों में घने कोहरे का अलर्ट है। पूर्वी यूपी में गोरखपुर, कुशीनगर, बहराइच, फतेहगढ़, अयोध्या, फुरसतगंज, लखीमपुर खीरी और बलिया से लेकर अवध क्षेत्र में लखनऊ और कानपुर तक कोहरा छाया रहेगा। पश्चिमी यूपी में शीत लहर की चेतावनी भी जारी की गई है। मध्य प्रदेश के ग्वालियर, रीवा और जबलपुर संभाग में भी जबरदस्त कोहरा देखा जा रहा है।
दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण गंभीर
दिल्ली-एनसीआर में शनिवार को वायु प्रदूषण भी गंभीर श्रेणी में रहा। नोएडा में AQI 405 और गाजियाबाद में 359 दर्ज किया गया। पाबंदियों के बावजूद प्रदूषण के स्तर में खास सुधार नहीं हो रहा है।
पहाड़ों में बारिश और बर्फबारी
मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों में हिमालयी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। 21 दिसंबर को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगिट-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है। पंजाब में 22 दिसंबर को बारिश के आसार हैं। कश्मीर के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे जा सकता है।
पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में अगले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि इसके बाद चार दिनों में 2 से 4 डिग्री की गिरावट आने का अनुमान है। यानी क्रिसमस के दौरान ठंड बढ़ने के आसार हैं।
पंजाब में 19 और 20 दिसंबर को शीत लहर का अलर्ट है, जबकि हरियाणा में 22 से 25 दिसंबर तक ठंड का प्रकोप रहेगा। चंडीगढ़ में सुबह के समय घना से अत्यंत घना कोहरा छाया रह सकता है। उत्तराखंड में भी 20 और 21 दिसंबर को घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। बिहार के पटना, छपरा समेत गंगा के मैदानी इलाकों में भी कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ाएगा।
Comments are closed.