दिल्ली-एनसीआर में घना कोहरा, मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया

1

दिल्ली-एनसीआर में घना कोहरा, येलो अलर्ट जारी; कड़ाके की ठंड अभी दूर

दिल्ली समेत एनसीआर में इन दिनों घना कोहरा जनजीवन के लिए परेशानी का कारण बन रहा है। सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी में इस सीजन का सबसे घना कोहरा देखा गया, जिसने न केवल सड़क यातायात को प्रभावित किया बल्कि बड़ी संख्या में उड़ानों में देरी और रद्द होने की घटनाएं भी हुईं। मौसम विभाग ने मंगलवार को भी मध्यम से घना कोहरा छाने का येलो अलर्ट जारी किया है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार रात साढ़े 11 बजे से ही कोहरे का स्तर बढ़ने लगा। सफदरजंग एयरपोर्ट पर रात साढ़े 12 बजे से दो बजे तक दृश्यता शून्य तक गिर गई। वहीं, मंगलवार सुबह साढ़े तीन बजे IGI एयरपोर्ट पर दृश्यता केवल 50 मीटर तक रही। सुबह आठ बजे के बाद स्थिति में धीरे-धीरे सुधार होने लगा। कुल मिलाकर सोमवार रात साढ़े 11 बजे से मंगलवार सुबह आठ बजे तक लगभग 10 घंटे तक दृश्यता 200 मीटर से नीचे रही।

मंगलवार के लिए मौसम अपडेट
मौसम विभाग ने मंगलवार सुबह दिल्ली में अधिकांश इलाकों में मध्यम कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है, जबकि कुछ जगहों पर घना कोहरा भी बन सकता है। कोहरा प्रदूषण के साथ मिलकर स्मॉग का रूप ले सकता है। दिन के दौरान आसमान साफ रहने का अनुमान है।

विभाग के मुताबिक, दिन में दिल्ली और एनसीआर में हवाओं की गति 15 से 25 किमी प्रति घंटे रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान 10 डिग्री और अधिकतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। बुधवार को सुबह हल्का कोहरा रहने की संभावना है, लेकिन दिन में आसमान साफ रहेगा।

कड़ाके की ठंड का इंतजार
दिसंबर का आधा महीना बीत चुका है, लेकिन दिल्ली और एनसीआर में अभी तक कड़ाके की ठंड नहीं आई है। मौसम विभाग के वरिष्ठ विज्ञानी डा. नरेश कुमार के अनुसार, सर्दी में वृद्धि पश्चिमी विक्षोभों पर निर्भर करती है, जो शुष्क और ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाओं को इस क्षेत्र में लाती हैं।

इस सीजन में अब तक कोई सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ नहीं आया है, इसलिए एनसीआर और आसपास के इलाकों में शीत लहर दर्ज नहीं हुई है। अगले एक सप्ताह में न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है, और शीत लहर के लिए अभी इंतजार करना होगा।

Comments are closed.