वेनेज़ुएला में भूकंप से तबाही: मृतकों की संख्या 900 के पार, 50 हजार से ज्यादा लापता

1

वेनेज़ुएला में भूकंप से तबाही गहराई, मृतकों की संख्या 920 पहुंची; 50 हजार से ज्यादा लोग लापता

वेनेज़ुएला में आए विनाशकारी दोहरे भूकंप के बाद हालात लगातार भयावह होते जा रहे हैं। सरकार के मुताबिक, मृतकों की संख्या बढ़कर 920 हो गई है, जबकि 3,360 लोग घायल हुए हैं। वहीं, 50 हजार से अधिक लोगों के लापता होने की खबर है। राहत और बचाव दल मलबे में दबे लोगों की तलाश में लगातार जुटे हैं और विदेशी सहायता टीमें भी प्रभावित इलाकों में पहुंचने लगी हैं।

बुधवार शाम आए 7.2 और 7.5 तीव्रता के लगातार दो भूकंपों ने राजधानी काराकस समेत कई इलाकों में भारी तबाही मचाई। अधिकारियों के अनुसार, अब भी कम से कम 172 लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है।

शुक्रवार को फिर कांपी धरती

राहत कार्यों के बीच शुक्रवार दोपहर एक बार फिर 4.9 तीव्रता का भूकंप आया, जिसके झटके राजधानी काराकस और माराके शहर में महसूस किए गए। इससे पहले से डरे-सहमे लोगों में दहशत और बढ़ गई।

सबसे ज्यादा प्रभावित ला गुएरा राज्य में राहत कार्यों की धीमी रफ्तार को लेकर लोगों में नाराजगी है। भारी मशीनों की कमी और सीमित सरकारी संसाधनों के कारण स्थानीय लोग और स्वयंसेवक हाथों से मलबा हटाकर जीवित लोगों को निकालने की कोशिश कर रहे हैं।

“हमारे अपने लोग ही बचाव कर रहे हैं”

ला गुएरा की रहने वाली 25 वर्षीय जेनिफर पैलासियोस ने बताया कि उनका छह साल का बेटा और परिवार के पांच अन्य सदस्य ह्यूगो शावेज हाउसिंग कॉम्प्लेक्स के मलबे में फंसे हुए हैं।

उन्होंने कहा, “अब तक ज्यादातर लोगों को समुदाय के लोगों ने ही जिंदा बाहर निकाला है। मलबे के बड़े हिस्से हटाने के लिए क्रेन जैसी भारी मशीनों की जरूरत है। हमें भरोसा है कि अभी भी कुछ लोग जिंदा फंसे हो सकते हैं।”

अरबों डॉलर का नुकसान

संयुक्त राष्ट्र की प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, दोनों भूकंपों से वेनेज़ुएला को करीब 6.7 अरब डॉलर का प्रत्यक्ष आर्थिक नुकसान हुआ है। विशेषज्ञों के मुताबिक, 7.5 तीव्रता का दूसरा झटका देश में पिछले एक सदी से अधिक समय में आए सबसे शक्तिशाली भूकंपों में से एक था।

कई बहुमंजिला इमारतें पूरी तरह ढह गईं और कंक्रीट व लोहे के मलबे में बदल गईं। बचाव दलों को पहचान में आसानी हो, इसके लिए कई खंडहरों पर इमारतों के नाम स्प्रे-पेंट किए गए हैं। वहीं, स्वयंसेवक काराकस और वालेंसिया से मोटरसाइकिलों के जरिए राहत सामग्री प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंचा रहे हैं।

Comments are closed.