OpenAI ने भारत में खेला बड़ा दांव, Uber इंडिया के पूर्व प्रमुख प्रभजीत सिंह बने मैनेजिंग डायरेक्टर
चैटजीपीटी की पैरेंट कंपनी ओपनएआई (OpenAI) ने भारत में अपने कारोबार को गति देने के लिए बड़ा नेतृत्व परिवर्तन किया है। कंपनी ने Uber इंडिया और दक्षिण एशिया के पूर्व प्रमुख प्रभजीत सिंह को भारत का मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) नियुक्त किया है। प्रभजीत सितंबर 2026 में OpenAI से जुड़ेंगे और एशिया-प्रशांत (APAC) के मैनेजिंग डायरेक्टर किरण मणि को रिपोर्ट करेंगे।
OpenAI ने शुक्रवार को इसकी आधिकारिक घोषणा करते हुए कहा कि भारत में प्रभजीत सिंह कंपनी के सबसे वरिष्ठ अधिकारी होंगे। वे कंज्यूमर ग्रोथ, एंटरप्राइज अपनाने (एंटरप्राइज अडॉप्शन), रणनीतिक साझेदारियों, नियामकीय मामलों और कंपनी के ऑपरेशन्स का नेतृत्व करेंगे।
भारत पर क्यों है OpenAI का फोकस?
OpenAI ऐसे समय में भारत में अपनी मौजूदगी मजबूत कर रहा है, जब देश वैश्विक AI कंपनियों के लिए सबसे अहम बाजारों में से एक बनकर उभरा है। बड़ी डिजिटल आबादी, तेजी से बढ़ता स्टार्टअप इकोसिस्टम और कारोबार, शिक्षा तथा सरकारी संस्थानों में AI के बढ़ते इस्तेमाल ने भारत को कंपनी की प्राथमिकता बना दिया है।
कंपनी के मुताबिक, प्रभजीत सिंह की प्रमुख जिम्मेदारी भारत में मजबूत साझेदारियां बनाना, AI इकोसिस्टम को आगे बढ़ाना और उपभोक्ताओं, कंपनियों, शैक्षणिक संस्थानों तथा सरकारी एजेंसियों तक AI तकनीक की पहुंच बढ़ाना होगी।
टाटा ग्रुप के साथ भी बढ़ा रहा है सहयोग
OpenAI भारत में टाटा ग्रुप के साथ मिलकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डेटा सेंटर इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी काम कर रहा है। इस साझेदारी के तहत देश में बड़े AI इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास की दिशा में काम जारी है।
हाल ही में कंपनी ने बताया था कि भारत के यूजर्स ChatGPT की एडवांस्ड क्षमताओं, जैसे डेटा एनालिसिस, कोडिंग और शिक्षा से जुड़े फीचर्स का इस्तेमाल करने वाले दुनिया के सबसे सक्रिय उपयोगकर्ताओं में शामिल हैं।
कौन हैं प्रभजीत सिंह?
प्रभजीत सिंह IIT खड़गपुर और IIM अहमदाबाद के पूर्व छात्र हैं। उन्होंने 2015 में Uber जॉइन किया था। इससे पहले वह McKinsey & Company में एसोसिएट पार्टनर के रूप में कार्यरत थे।
Uber में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने भारत, बांग्लादेश और श्रीलंका में कंपनी के मोबिलिटी बिजनेस का नेतृत्व किया और क्षेत्र में Uber के विस्तार और कारोबार को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अब OpenAI में उनकी जिम्मेदारी भारत में कंपनी के अगले विकास चरण का नेतृत्व करने की होगी।
Comments are closed.