दिल्ली-एनसीआर में देर रात भूकंप के झटके महसूस, अफगानिस्तान में था केंद्र।
दिल्ली-एनसीआर में रविवार की देर रात भूकंप के झटके महसूस किए गए। यूरोपियन मेडिटेरेनियन सीस्मोलॉजिकल सेंटर (EMSC) ने शुरुआती जानकारी में भूकंप के केंद्र के पाकिस्तान होने की संभावना जताई थी, लेकिन बाद में पता चला कि भूकंप अफगानिस्तान के दक्षिण-पूर्वी क्षेत्र में हुआ।
स्थानीय लोग सोशल मीडिया पर झटके महसूस होने की जानकारी साझा कर रहे हैं। राहत की बात यह है कि अब तक किसी भी तरह के नुकसान या जनहानि की सूचना नहीं मिली है।
जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंसेस (GFZ) के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 6.2 मापी गई और इसकी गहराई 10 किलोमीटर थी। EMSC ने इसे करीब 35 किलोमीटर की गहराई पर बताया। अफगानिस्तान, पाकिस्तान और भारत के कुछ हिस्सों में, जिसमें दिल्ली-एनसीआर भी शामिल है, झटके महसूस किए गए।
हाल के हफ्तों में कई बड़े भूकंप दर्ज किए गए हैं। पिछले महीने रूस के कुरिल द्वीप समूह में रिक्टर 6.0 का भूकंप और 30 जुलाई को कामचटका प्रायद्वीप के पूर्वी तट पर रिक्टर 8.8 का शक्तिशाली भूकंप आया था, जिसके कारण सुनामी की चेतावनी भी जारी की गई थी।
Comments are closed.