“छांगुर पर ईडी की सख्ती, जलालुद्दीन और साथियों के 32 बैंक खातों की जांच तेज”

4

छांगुर और सहयोगियों के 32 बैंक खातों का सुराग, ईडी ने बैंकों से मांगा दस साल का लेन-देन रिकॉर्ड

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की मनी लॉन्ड्रिंग जांच में एक नया खुलासा सामने आया है। एजेंसी को जलालुद्दीन उर्फ छांगुर और उसके करीबियों के 32 अतिरिक्त बैंक खातों की जानकारी प्राप्त हुई है। ईडी ने इन खातों से जुड़े पिछले दस वर्षों के सभी वित्तीय लेन-देन का विवरण संबंधित बैंकों से मांगा है।

प्राथमिक जांच में पता चला है कि इन खातों का इस्तेमाल विदेश से बड़ी रकम मंगवाने के लिए किया गया था। इनमें कितनी धनराशि भेजी गई है, इसका विस्तृत ब्यौरा एक-दो दिनों में मिलने की संभावना है। इससे पहले की जांच में यह बात सामने आई थी कि छांगुर और उसके सहयोगियों के 40 से अधिक बैंक खातों के जरिए करीब 100 करोड़ रुपये का लेन-देन हुआ है।

ईडी को मिले इनपुट्स के अनुसार, दुबई से भेजी गई धनराशि का उपयोग छांगुर ने मतांतरण गतिविधियों और संपत्तियों की खरीद के लिए किया। बताया गया है कि दुबई निवासी नीतू रोहरा उर्फ नसरीन के खातों में यह रकम ट्रांसफर की गई, जिसे बाद में भारत में संपत्ति खरीदने में उपयोग किया गया।

वहीं, जांच में एक अहम किरदार नवीन रोहरा अब भी ईडी के रडार पर है। हालांकि, नवीन के सभी बैंक खाते दुबई स्थित हैं, जिसके चलते जांच एजेंसी को विदेशी सहयोग की प्रतीक्षा करनी पड़ रही है। ईडी ने विदेश मंत्रालय के माध्यम से दुबई स्थित भारतीय दूतावास से संपर्क साधा है, लेकिन दुबई सरकार की स्वीकृति के बिना इन खातों की जानकारी हासिल नहीं की जा सकती।

फिलहाल, ईडी की टीम छांगुर और नीतू की पुलिस रिमांड समाप्त होने का इंतजार कर रही है। रिमांड पूरी होते ही दोनों को ईडी की कस्टडी में लेकर उनसे मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामलों में गहन पूछताछ की जाएगी।

Comments are closed.