Delhi Weather Update: सावन की बारिश से मौसम तो खुशनुमा, मगर जलभराव ने फिर दिखाया अपना रूप

6

बारिश से भीगा सावन का पहला सोमवार, ऑफिस जाने वालों को हुआ भारी जलभराव से सामना

राजधानी दिल्ली और एनसीआर में सावन के पहले सोमवार की शुरुआत झमाझम बारिश के साथ हुई। सुबह के समय हुई तेज बारिश से मौसम जहां सुहावना हो गया, वहीं जलभराव और ट्रैफिक जाम ने लोगों की परेशानी भी बढ़ा दी। कई इलाकों में जलभराव के कारण सड़कें पूरी तरह धीमी रफ्तार से चल रही थीं, जिससे दफ्तर जाने वाले लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

रविवार को दिनभर बादलों और धूप के बीच लुकाछिपी चलती रही। हालांकि उमस बनी रही, लेकिन शाम होते-होते मौसम ने करवट ली। अचानक चली तेज हवाओं के साथ राजधानी के कई इलाकों में हल्की बारिश शुरू हो गई। इस बदलाव के साथ ही मौसम विभाग ने शाम को रेड अलर्ट जारी कर दिया, जबकि दिन में कोई अलर्ट नहीं था।

मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम था। वहीं, न्यूनतम तापमान 25.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.2 डिग्री नीचे है। हवा में नमी का स्तर 98 से 67 प्रतिशत के बीच दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम हवा की गति 57 किलोमीटर प्रति घंटा रही।

इस मौसमीय बदलाव से जहां उमस में कुछ राहत मिली, वहीं तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के ताजा अनुमान के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी दिशा से सक्रिय बादलों के कारण सोमवार को भी दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।

सोमवार के लिए विभाग ने आसमान में बादल छाए रहने और अधिकतम तापमान 33 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई है।

Comments are closed.