एपस्टीन केस: पीड़िता ने ट्रंप पर लगाया यौन शोषण का आरोप, US जस्टिस डिपार्टमेंट ने जारी किया इंटरव्यू

0

अमेरिकी जस्टिस डिपार्टमेंट ने जेफरी एपस्टीन मामले से जुड़े कई नए एफबीआई दस्तावेज सार्वजनिक किए हैं।

इन दस्तावेजों में उस महिला के इंटरव्यू का विवरण शामिल है, जिसने पूर्व में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर यौन शोषण के गंभीर आरोप लगाए थे। जारी किए गए रिकॉर्ड के अनुसार, महिला ने अपने बयान में कहा था कि जब वह नाबालिग थी, तब जेफरी एपस्टीन ने उसकी मुलाकात ट्रंप से कराई थी। जस्टिस डिपार्टमेंट के मुताबिक ये दस्तावेज पहले सार्वजनिक नहीं किए गए थे क्योंकि उन्हें गलती से “डुप्लिकेट” के तौर पर चिह्नित कर दिया गया था।

2019 में दर्ज हुए थे बयान

दस्तावेजों में 2019 में एफबीआई द्वारा उस महिला से किए गए कई इंटरव्यू का विवरण शामिल है। महिला ने आरोप लगाया था कि जब उसकी उम्र 13 से 15 साल के बीच थी, तब एपस्टीन और ट्रंप दोनों ने उसका यौन शोषण किया।

महिला ने जांचकर्ताओं को बताया कि एपस्टीन उसे न्यूयॉर्क या न्यू जर्सी ले गया था, जहां उसकी मुलाकात ट्रंप से कराई गई। इंटरव्यू में उसने दावा किया कि एक मौके पर ट्रंप ने उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की, जिस पर उसने विरोध करते हुए उन्हें काट लिया था।

धमकियों का भी किया था जिक्र

दस्तावेजों के अनुसार, महिला ने यह भी कहा था कि उसे और उसके करीबी लोगों को लंबे समय तक धमकी भरे फोन कॉल आते रहे। कॉल करने वाले उसे इस मामले में चुप रहने के लिए कहते थे। महिला को संदेह था कि ये कॉल एपस्टीन से जुड़े लोगों की ओर से किए जा रहे थे।

ट्रंप ने आरोपों से किया इनकार

डोनाल्ड ट्रंप पहले भी इन आरोपों को सिरे से खारिज कर चुके हैं। जस्टिस डिपार्टमेंट ने भी पहले कहा था कि सार्वजनिक किए गए कुछ दस्तावेजों में ट्रंप के खिलाफ ऐसे दावे शामिल हैं जिन्हें वह झूठा और सनसनीखेज बताता है।

राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप भी तेज

इस मामले को लेकर अमेरिकी राजनीति में भी आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं। डेमोक्रेटिक नेताओं ने ट्रंप प्रशासन पर आरोप लगाया है कि एपस्टीन जांच से जुड़ी कुछ अहम जानकारियां सार्वजनिक नहीं की गईं, क्योंकि उनसे ट्रंप की छवि पर असर पड़ सकता था।

Comments are closed.