अमेरिका के इडाहो राज्य में आयोजित एक एयर शो के दौरान बड़ा हादसा हो गया।
माउंटेन होम एयर फोर्स बेस पर चल रहे ‘गनफाइटर स्काइज एयर शो’ में दो अमेरिकी लड़ाकू विमान हवा में टकराकर क्रैश हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों विमानों में आग लग गई और वे पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गए।
हालांकि राहत की बात यह रही कि दोनों विमानों में सवार चारों पायलट समय रहते सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे। अधिकारियों के मुताबिक, सभी चालक दल के सदस्यों की हालत स्थिर है और हादसे में किसी दर्शक या सैन्य अड्डे पर मौजूद नागरिक को चोट नहीं आई।
यह दुर्घटना रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे हुई, जब दोनों फाइटर जेट एयर शो के दौरान हवाई करतब दिखा रहे थे। इसी दौरान दोनों विमान हवा में एक-दूसरे के बेहद करीब आ गए और टकरा गए।
अमेरिकी नौसेना की प्रवक्ता कमांडर अमेलिया उमयम ने बताया कि दुर्घटना में शामिल दोनों विमान EA-18G ग्रोवलर थे, जो वाशिंगटन स्थित इलेक्ट्रॉनिक अटैक स्क्वाड्रन 129 से जुड़े थे। उन्होंने कहा कि चारों पायलट सुरक्षित बाहर निकल गए हैं और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
एयर शो के आयोजन में सहयोग करने वाली संस्था सिल्वर विंग्स ऑफ इडाहो की मार्केटिंग डायरेक्टर किम साइक्स ने कहा कि सैन्य अड्डे पर मौजूद सभी लोग सुरक्षित हैं और यही सबसे राहत की बात है।
हादसे के तुरंत बाद एयर फोर्स बेस को एहतियातन बंद कर दिया गया। अधिकारियों ने सुरक्षा कारणों से एयर शो भी रद्द कर दिया है।
Comments are closed.