उत्तर भारत में गर्मी लगातार लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में तेज धूप और लू से जनजीवन प्रभावित है। कई शहरों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है।
रविवार को उत्तर प्रदेश का बांदा देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा झांसी में 44.6 डिग्री और प्रयागराज में 44.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। राजधानी लखनऊ में भी पारा 41.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से अधिक रहा।
मध्य प्रदेश और राजस्थान में भी भीषण गर्मी का असर देखने को मिला। मध्य प्रदेश के 15 शहरों और राजस्थान के 7 शहरों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। एमपी का खंडवा 44.5 डिग्री के साथ सबसे गर्म शहर रहा। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि राजस्थान में आने वाले दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री तक और बढ़ सकता है।
दूसरी ओर बिहार में मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिल रहा है। कई जिलों में उमस और गर्मी से लोग परेशान हैं, जबकि कुछ इलाकों में बारिश से राहत मिली है। शेखपुरा के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में शनिवार शाम प्रार्थना के दौरान 27 छात्राएं अचानक बेहोश हो गईं। सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मौसम विभाग के अनुसार 19 मई को उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के कई हिस्सों में लू चलने की संभावना है। वहीं पूर्वोत्तर राज्यों, कर्नाटक, तमिलनाडु और पुडुचेरी में तेज हवाओं और बारिश का अनुमान है। झारखंड में तेज आंधी चल सकती है, जबकि अरुणाचल प्रदेश में बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।
20 मई को भी उत्तर भारत और मध्य भारत के कई राज्यों में हीटवेव का असर बना रह सकता है। वहीं बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और केरल समेत कई राज्यों में बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक की संभावना जताई गई है।
Comments are closed.