दुनिया के सबसे बड़े सेक्स स्कैंडल की फाइलें होंगी सार्वजनिक, एपस्टीन दस्तावेज़ जारी करने को मिली मंजूरी

3

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ‘एपस्टीन फाइल्स ट्रांसपेरेंसी एक्ट’ पर हस्ताक्षर कर दिए हैं, जिसके बाद न्याय विभाग को दोषी यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन से जुड़ी सभी फाइलें, संचार रिकॉर्ड और 2019 में उनकी जेल में हुई मौत की जांच से संबंधित दस्तावेज 30 दिनों के भीतर सार्वजनिक करने होंगे।

राजनीतिक दबाव बढ़ने के बीच ट्रंप ने उस विधेयक पर हस्ताक्षर किए, जो न्याय विभाग को एपस्टीन से जुड़ी गोपनीय सूचनाओं को सार्वजनिक करने के लिए बाध्य करता है। इनमें एपस्टीन के अपराध, उनसे जुड़े लोगों के संपर्क और जेल में उनकी संदिग्ध मौत की जांच से जुड़ी जानकारी शामिल है।

डेमोक्रेट्स पर हमला
ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर इस कानून को डेमोक्रेट्स की “होक्स” करार दिया और आरोप लगाया कि विपक्ष इस मुद्दे को हवा देकर उनकी चुनावी जीत से ध्यान भटकाना चाहता है। उनका कहना था कि एपस्टीन मामला डेमोक्रेट्स को अधिक प्रभावित करता है, फिर भी वे इसका इस्तेमाल राजनीतिक लाभ के लिए कर रहे हैं।

427–1 से पास हुआ विधेयक
सदन ने मंगलवार को इस विधेयक को 427–1 के भारी बहुमत से पारित किया। इससे पहले रिपब्लिकन पार्टी इस कानून का महीनों से विरोध कर रही थी, लेकिन अंत में उन्होंने रुख बदलते हुए द्विदलीय समर्थन दिया। यह प्रावधान केवल उन्हीं जानकारियों को सार्वजनिक करने की अनुमति देता है, जो पीड़ितों की पहचान उजागर न करें।

क्या एपस्टीन से जुड़े बड़े नाम सामने आएंगे?
अब यह चर्चा तेज है कि फाइलों के सार्वजनिक होते ही एपस्टीन के संपर्क में रहे प्रभावशाली लोगों के नाम सामने आ सकते हैं। विधेयक के अनुसार, न्याय विभाग अब “शर्मिंदगी, प्रतिष्ठा को नुकसान या राजनीतिक संवेदनशीलता” के आधार पर कोई सूचना रोक नहीं सकेगा।

ट्रंप और एपस्टीन के वर्षों पुराने संपर्कों की बात लंबे समय से सार्वजनिक रही है, हालांकि ट्रंप का दावा है कि जैसे ही उन्हें एपस्टीन के गलत आचरण का पता चला, उन्होंने उससे दूरी बना ली।

Comments are closed.