बिहार की राजनीति में आज का दिन ऐतिहासिक होने जा रहा है। नीतीश कुमार गुरुवार को 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
पटना के गांधी मैदान में होने वाले इस भव्य समारोह के लिए पुलिस मुख्यालय ने विशेष सुरक्षा निर्देश जारी किए हैं और मेहमानों की विस्तृत सूची भी तैयार कर ली है। राज्य सरकार के आदेश के अनुसार, देशभर के कई वरिष्ठ नेता, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री और केंद्र सरकार के प्रमुख मंत्री इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।
शपथ ग्रहण समारोह गुरुवार दोपहर 1:30 बजे गांधी मैदान में आयोजित होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जे. पी. नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित केंद्र सरकार के अन्य मंत्री कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। समारोह के लिए दो मंच बनाए गए हैं और 11 NDA व भाजपा-शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों समेत 150 से ज्यादा विशेष मेहमानों को आमंत्रित किया गया है।
दो उपमुख्यमंत्री भी लेंगे शपथ
इस बार नीतीश सरकार में दो उपमुख्यमंत्री बनेंगे—भाजपा नेता व पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा और ओबीसी नेता सम्राट चौधरी।
समारोह में शामिल होने वाले प्रमुख VVIP
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
गृह मंत्री अमित शाह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह
स्वास्थ्य मंत्री जे. पी. नड्डा
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान
यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ
एमपी सीएम मोहन यादव
ओडिशा सीएम मोहन मांझी
राजस्थान सीएम भजनलाल शर्मा
गोवा सीएम प्रमोद सावंत
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस व एकनाथ शिंदे
दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता
असम सीएम हिमंत बिस्वा सरमा
उत्तराखंड सीएम पुष्कर सिंह धामी
आंध्र प्रदेश सीएम चंद्रबाबू नायडू
त्रिपुरा सीएम माणिक साहा
समारोह को देखते हुए गांधी मैदान के आसपास कई सड़कों पर यातायात मार्ग बदले गए हैं। कार्यवाहक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंगलवार को तैयारियों का निरीक्षण कर चुके हैं। इस दौरान कई निवर्तमान मंत्री और मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत भी उनके साथ मौजूद थे।
बुधवार को दिया इस्तीफा, फिर चुने गए नेता
नीतीश कुमार ने बुधवार को राज्यपाल को इस्तीफा सौंपते हुए NDA के समर्थन पत्र के साथ सरकार बनाने का दावा पेश किया। इससे पहले, जदयू विधायकों ने उन्हें विधायक दल का नेता चुना, जबकि भाजपा ने सम्राट चौधरी को अपना विधायक दल नेता घोषित किया।
Comments are closed.