चीन के दक्षिणी और मध्य हिस्सों में लगातार हो रही मूसलधार बारिश ने भारी तबाही मचा दी है।
बाढ़ और भूस्खलन जैसी घटनाओं में अब तक कम से कम 21 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग लापता बताए जा रहे हैं। खराब मौसम के कारण कई इलाकों में जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
हुबेई और हुनान प्रांत के कई हिस्सों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं। लगातार बारिश के चलते सड़क और रेल परिवहन बाधित है, वहीं कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। प्रशासन ने लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया है।
चीन सरकार ने राहत कार्यों के लिए 150 मिलियन युआन की आपात सहायता जारी की है। सोशल मीडिया और स्थानीय वीडियो प्लेटफॉर्म डौयिन पर सामने आए वीडियो में जिंगझोउ शहर की सड़कें पानी में डूबी दिखाई दीं, जहां सड़कों पर मछलियां तैरती नजर आईं और कई वाहन जलभराव में फंसे दिखे।
सरकारी प्रसारक सीसीटीवी के अनुसार, दक्षिण-पश्चिमी ग्वांग्शी क्षेत्र में भारी बारिश के दौरान 15 मजदूरों को ले जा रहा एक पिकअप ट्रक नदी में गिर गया। इस हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई।
इसके अलावा गुइझोऊ प्रांत में चार, हुनान प्रांत में चार और हुबेई प्रांत में तीन लोगों की अलग-अलग घटनाओं में जान गई है। अधिकारियों के मुताबिक कई लोग अब भी लापता हैं और उनकी तलाश जारी है।
दक्षिणी द्वीप हैनान में भी हालात गंभीर बने हुए हैं। लिंगशुई इलाके में पहाड़ी का एक हिस्सा राजमार्ग पर गिर गया, जिसके बाद प्रशासन ने कई प्रमुख सड़कों को बंद कर दिया। इसके चलते भूवैज्ञानिक आपदा को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
चीन के राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने चेतावनी दी है कि बुधवार से यांग्त्जी नदी के मध्य और निचले क्षेत्रों में और भारी बारिश हो सकती है, जिससे बाढ़ का खतरा और बढ़ सकता है।
Comments are closed.